मीडिया कंपनी न्यू डेल्ही टेलीविजन (एनडीटीवी) ने समूह के स्तर पर वित्त वर्ष 2021-22 में एक दशक का सर्वाधिक समेकित मुनाफा दर्ज किया है। कंपनी के सह-चेयरपर्सन राधिका रॉय और प्रणय रॉय ने ताजा वार्षिक रिपोर्ट में यह बात कही है।
एनडीटीवी के संस्थापक प्रवर्तक रॉय ने शेयरधारकों को संबोधित करते हुए कहा कि कंपनी हाल के वर्षों में लगातार सुधार दर्ज करते हुए वित्त वर्ष 2022 में वित्तीय तौर पर काफी दमदार होकर उभरी है।
रॉय ने कहा, ‘एनडीटीवी समूह की टेलीविजन एवं डिजिटल यानी दोनों शाखाओं ने अब तक का सर्वाधिक मुनाफा दर्ज किया है। एनडीटीवी लिमिटेड (टेलीविजन इकाई) ने 59.18 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया जबकि एनडीटीवी कन्वर्जेंस (डिजिटल इकाई) को 30.21 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया है जो उसका अब तक का सर्वाधिक राजस्व है। इससे पता चलता है कि यह भारत की चुनिंदा लाभप्रद ऑनलाइन कंपनियों में बरकरार है।’ एनडीटीवी समूह का समेकित मुनाफा वित्त वर्ष 2022 में 84.76 करोड़ रुपये रहा जबकि इस दौरान उसका राजस्व अथवा कुल आय 420.89 करोड़ रुपये रही। मुनाफे में एक साल पहले के मुकाबले 13.22 फीसदी की वृद्धि हुई जबकि राजस्व में 3.18 फीसदी का इजाफा हुआ।
हाल में अधिग्रहण की लड़ाई से जूझ रही एनडीटीवी लिमिटेड के मुनाफे में वित्त वर्ष 2022 के दौरान एक साल पहले के मुकाबले 55.77 फीसदी की दमदार वृद्धि दर्ज की गई। साल के दौरान मोबिक्विक सिस्टम्स में हिस्सेदारी बिक्री के जरिये प्राप्त 6.88 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय से मुनाफे को बल मिला। वित्त वर्ष 2022 में एनडीटीवी लिमिटेड के राजस्व में एक साल पहले के मुकाबले 8.9 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।
कंपनी ने समीक्षाधीन अवधि के लिए एनडीटीवी कन्वर्जेंस के राजस्व का खुलासा नहीं किया है। हालांकि वार्षिक रिपोर्ट में कहा गया है कि एनडीटीवी कन्वर्जेंस को गूगल न्यू इनिशिएटिव के शुरुआती साझेदार के तौर पर चुना गया था जिसे अप्रैल 2021 में शुरू किया गया था। इसके अलावा वह स्वदेशी सोशल मीडिया ऐप कू का भी शुरुआती और सबसे बड़ा भागीदार है।