कंपनियां

Noida International Airport को IATA से मिला ‘डीएक्सएन’ का कोडनेम

दुनियाभर में करीब 300 एयरलाइंस का प्रतिनिधित्व करने वाला आईएटीए किसी हवाई अड्डे की विशिष्ट पहचान को सुनिश्चित करने के लिए तीन अक्षर का कूटनाम जारी करता है।

Published by
भाषा   
Last Updated- September 27, 2023 | 4:04 PM IST

विमानन कंपनियों की वैश्विक संस्था आईएटीए ने ग्रेटर नोएडा के जेवर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए तीन अक्षरों वाले कूटनाम (कोडनेम) का आवंटन कर दिया है।

हवाई अड्डे की मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) किरण जैन ने बयान में कहा कि अंतरराष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ (आईएटीए) ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए ‘डीएक्सएन’ कूटनाम आवंटित किया है।

दुनियाभर में करीब 300 एयरलाइंस का प्रतिनिधित्व करने वाला आईएटीए किसी हवाई अड्डे की विशिष्ट पहचान को सुनिश्चित करने के लिए तीन अक्षर का कूटनाम जारी करता है। इस कूटनाम से उड़ानों के परिचालन एवं मार्ग निर्धारण में सहूलियत होती है।

यह भी पढ़ें : Apollo Hospital ने 102 करोड़ रुपये में किया मेडिकल फैसिलिटी का अधिग्रहण

नोएडा हवाई अड्डे के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) क्रिस्टॉफ श्नेलमैन ने कहा कि डीएक्सएन का कूटनाम इस हवाई अड्डे की दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं नोएडा के साथ नजदीकी को परिलक्षित करता है।

आईएटीए से जुड़ी एयरलाइंस दुनिया के कुल हवाई यातायात के करीब 83 प्रतिशत हिस्से का प्रतिनिधित्व करती हैं। दिल्ली से सटे गौतम बुद्ध नगर जिले में ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के जेवर में यह हवाई अड्डा विकसित किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें : भारत में पेशेवरों के लिए Zepto सबसे पसंदीदा स्टार्टअप: LinkedIn Ranking

इस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का परिचालन शुरू होने पर दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का बोझ कम करने और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

First Published : September 27, 2023 | 4:04 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)