प्रमुख पेय कंपनी पेप्सिको इंडिया ने कहा है कि 11 जून को समाप्त 12 सप्ताह के दौरान उसके राजस्व और मात्रात्मक बिक्री में दो अंकों की वृद्धि दर्ज की गई।
कंपनी ने कहा कि उसकी फूड इकाई की मात्रात्मक बिक्री में भी 10 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई जो मुख्य रूप से पश्चिम एशिया और भारत में दो अंकों की वृद्धि को दर्शाती है। कंपनी ने कहा कि बेवरिजेस इकाई की मात्रात्मक बिक्री में इस दौरान 28 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई जो मुख्य तौर पर भारत में दो अंकों की वृद्धि को दर्शाती है।
साल 2022 की शुरुआत से ही कंपनी ने भारत में अपनी बाजार हिस्सेदारी बढ़ाई है। कंपनी ने कहा, ‘जहां तक सालाना आधार पर बाजार हिस्सेदारी की बात है तो हमने चीन, ब्रिटेन, भारत, सऊदी अरब, तुर्की और ऑस्ट्रेलिया सहित कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में स्वादिष्ट स्नैक्स में बाजार हिस्सेदारी हासिल की है जबकि बेवरिजेस कारोबार में हमने मेक्सिको, ब्राजील, चीन, मिस्र और वियतनाम में बाजार हिस्सेदारी बढ़ाई है।’
कंपनी ने कहा कि उसके विकासशील और उभरते बाजारों का रुख लचीला है और तिमाही के दौरान इन बाजारों में दो अंकों की राजस्व वृद्धि दर्ज की गई। मैक्सिको, ब्राजील, चीन, दक्षिण अफ्रीका, भारत, मिस्र, सऊदी अरब में दो अंकों में राजस्व वृद्धि दर्ज की गई जबकि पाकिस्तान, तुर्की, पोलैंड और वियतनाम में उच्च एकल अंक में राजस्व वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी ने 12 जून को समाप्त 24 सप्ताह में पश्चिम एशिया, भारत और पाकिस्तान में दो अंकों की वृद्धि दर्ज करते हुए अपनी फूड इकाई की मात्रात्मक बिक्री में 10 फीसदी की वृद्धि दर्ज की। इसी दौरान उसकी बेवरिजेस इकाई की मात्रा में 21 फीसदी की वृद्धि हुई।