रक्षा साजोसामान बनाने वाली स्वीडन की कंपनी साब भारत में संयंत्र लगाएगी और यहां कार्ल-गुस्ताफ एम4 हथियार प्रणाली का विनिर्माण करेगी। कंपनी के एक आला अधिकारी ने यह जानकारी दी। कंपनी उत्पादन में इजाफा करने की कोशिश कर रही है।
संवाददाता सम्मेलन में कंपनी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जी. जोहानसन ने कहा, इस संयंत्र में 2024 में उत्पादन शुरू होगा। हालांकि उन्होंने इस पर होने वाले के बारे में विस्तार से जानकारी देने से मना कर दिया।
कार्ल-गुस्ताफ एम4 एक तरह का रायफल है, जिसका ऑर्डर भारतीय सेना ने दिया है।
नए संयंत्र में इस रायफल के अलावा इसके कलपुर्जे भी बनेंगे, जिसकी आवश्यकता इस प्रणाली में पूरी दुनिया में होती है। कंपनी ने एक बयान में यह जानकारी दी। जोहानसन ने कहा, हमने किसी और देश में ऐसा नहीं किया है।
रूसी हथियारों का दुनिया में सबसे बड़ा खरीदार भारत है और वह हाल के वर्षों में रक्षा विनिर्माण के विस्तार पर जोर देता रहा है और अपना रक्षा निर्यात बढ़ाना चाहता है।
नए उद्यम में निवेश के बारे में पूछे जाने पर जोहानसन ने कहा कि साब 100 फीसदी प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) का विकल्प देख रही है। अगर यह सफल नहीं होता है, तो कंपनी 74 फीसदी एफडीआई की योजना बनाएगी।