श्रेय समूह की कंपनियों के लेनदारों की समिति (सीओसी) ने आर्सेलर मित्तल से संबद्ध एएम माइनिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्रस्तुत अभिरुचि पत्र (ईओआई) स्वीकार कर लिया है।
स्टॉक एक्सचेंजों को दी गई सूचना में श्रेय इन्फ्रास्ट्रक्चर ने बताया है कि संभावित समाधान आवेदकों (पीआरए) की अंतिम सूची में एक पीआरए का नाम शामिल करने के लिए संशोधित किया गया है।
इस संशोधित सूची में एएम माइनिंग भी शामिल है। इस कंपनी को श्रेय इन्फ्रास्ट्रक्चर फाइनैंस लिमिटेड (एसआईएफएल) और श्रेय इक्विपमेंट फाइनैंस लिमिटेड (एसईएफएल) की 13 संभावित समाधान आवेदकों की सूची में शामिल किया गया है, जो दिवाला प्रक्रिया से गुजर रही हैं। आर्सेलरमित्तल ने इस संबंध में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
एएम माइनिंग इंडिया ने जमा करने की समय सीमा खत्म होने के बाद 27 सितंबर को अपना रुचि पत्र जमा किया था। लेकिन मूल्य आधार पर इसकी अनुमति दी गई है। श्रेय समूह की कंपनियों – श्रेय इन्फ्रास्ट्रक्चर फाइनैंस और श्रेय इक्विपमेंट फाइनैंस को दो समाधान योजनाएं मिली थीं।
एरिना इन्वेस्टर्स एलपी और वर्डे पार्टनर्स ने संयुक्त बोली लगाई थी। दूसरी बोली शॉन रंधावा और राजेश वीरेन शाह की थी।
हालांकि बयाना राशि जमा (ईएमडी) के संबंध में मसले सामने आए थे और लेनदारों की समिति ने आखिरकार समाधान योजना (आरएफआरपी) के लिए एक नया अनुरोध जारी करने के पक्ष में फैसला किया। सूत्रों ने इस बात का संकेत दिया है कि नया आरएफआरपी जारी करने का मतलब यह है कि प्रक्रिया ईओआई भागीदारों के लिए खोली जा रही है।