Representative Image
नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने बृहस्पतिवार को कहा कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) इस साल मई में हुई एअर इंडिया एक्सप्रेस के चालक दल के सदस्यों की हड़ताल के मामले की जांच कर रहा है और नियमों का अनुपालन नहीं करने की स्थिति में एयरलाइन को दंडित किया जाएगा।
लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान देश में उड़ानें रद्द होने से संबंधित पूरक प्रश्नों के उत्तर में नायडू ने कहा कि मंत्रालय यह सुनिश्चित कर रहा है कि कोई उड़ान रद्द नहीं हो और उसमें देरी न हो। उनका कहना था कि ऐसी स्थिति में यात्रियों को मुआवजा मिले, यह सुनिश्चित करने के लिए नागरिक उड्डयन मापदंड लागू हैं।
मंत्री ने प्रश्नकाल के दौरान कहा, ‘‘हम स्वीकार करते हैं कि एअर इंडिया एक्सप्रेस के साथ एक मुद्दा रहा है… चालक दल के साथ कुछ आंतरिक मुद्दे थे क्योंकि एअर इंडिया एक्सप्रेस का एयरएशिया इंडिया में विलय हो रहा था और एक सामूहिक हड़ताल (7 मई को) हुई थी।’’ हड़ताल के कारण बहुत सारी उड़ानें रद्द हुई थीं। नायडू ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और नियमों का अनुपालन न करने की स्थिति में एयरलाइन को दंडित किया जाएगा।