लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा की सियासत में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इनके साथ ही डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हरियाणा की भाजपा सरकार के मंत्रिमंडल ने आज सामूहिक इस्तीफा दिया है। इसके बाद नए सिरे से हरियाणा सरकार का मंत्रिमंडल बनेगा। बताया जा रहा है कि सीएम खट्टर को करनाल से लोकसभा चुनाव लड़वाने की तैयारी चल रही है।
बता दें, जननायक जनता पार्टी को मंत्रिमंडल से अलग करने के लिए ये रणनीति बनाई गई है। यानी अब हरियाणा में बीजेपी और जेजेपी का गठबंधन टूट चुका है। नए मंत्रिमंडल में जेजेपी हिस्सा नहीं लेगी। बीजेपी अब हरियाणा में खट्टर की जगह मुख्यमंत्री पद के लिए नए नामों पर सोच रही है। इन नामों में नायब सैनी और संजय भाटिया का नाम तेजी से आ रहा है।
क्यों टूटा गठबंधन?
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, लोकसभा चुनाव को लेकर इन दोनों दलों में सीटों के बंटवारा को लेकर सामंजस्य नहीं बन पाया जिसे लेकर गठबंधन टूटने की कगार तक आ गया। सूत्रों की मानें तो राजनीतिक गलियारों में ये चर्चा भी तेज है कि JJP सीएम खट्टर की कार्यशैली से भी खुश नहीं थी।
जजपा के राष्ट्रीय महासचिव और हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी। इसके बाद CM मनोहर लाल खट्टर ने चंडीगढ़ में सोमवार रात और फिर मंगलवार सुबह 11 बजे इमरजेंसी मीटिंग बुलाई। इसमें सभी मंत्री-विधायक और सरकार को समर्थन दे रहे निर्दलीय विधायक हिस्सा लिए।
हरियाणा में विधानसभा चुनाव कराने की तैयारी
लोकसभा चुनाव 2024 के बीच हरियाणा में विधानसभा चुनाव कराने की योजना बन रही है। सूत्रों के मुताबिक हरियाणा में गैर जाट ही सीएम बनेगा। हरियाणा में बीजेपी और जेजेपी का गठबंधन टूट गया है। हरियाणा में नए सिरे से कैबिनेट का गठन होगा।