लगता है कि देश में हड़ताल की नई बयार चल पड़ी है।
इस बयार के तहत, भारतीय स्टेट बैंक और उसके सात संबध्द बैंकों के अधिकारी स्टेट बैंक ऑफ सौराष्ट्र के देश के विशालतम बैंक एसबीआई के साथ विलय के विरोध में सोमवार को हड़ताल पर चले गए।
राजस्थान में दो दिनों की हड़ताल कल से: राजस्थान सकल उद्योग व्यापार संघर्ष समिति के आह्वान पर वैट दरों व वैट विसंगतियों को लेकर राजस्थान में आगामी 20 और 21 अगस्त को प्रदेश भर की मंडियां, खुदरा, थोक व्यापार, ट्रांसपोर्ट कारोबार , पेट्रोल पंप और औद्योगिक इकाइयां बंद रहेंगी।
एमपी में भी कल से बंदी: बैंकों के विलीनीकरण, बीमा एवं अन्य सार्वजनिक संस्थानों में एफडीआई बढ़ाने और पेंशन फंड को शेयर मार्केट की भेंट चढ़ाने, छठवें वेतन आयोग की विसंगतियों तथा भविष्य निधि की राशि निजी बैंकों को उपयोग के लिए सौंपने के खिलाफ ट्रेड यूनियनों एटक, सीटू एवं एचएमएस से जुड़े श्रमिक संगठनों के आह्वान पर बैंक, बीमा, बीएसएनएल, रेल, राज्य तथा केन्द्रीय कर्मचारी हिस्सा लेंगे।
देशव्यापी हड़ताल का ऐलान: सेन्टर ऑफ ट्रेड यूनियन्स (सीटू) ने बढ़ती मुद्रास्फीति तथा ईंधन एवं आवश्यक जिंसों की कीमत में वृध्दि का विरोध करने के लिए 20 अगस्त को देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है।