प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने देश भर में 30 से ज्यादा जगहों पर छापेमारी की है। ई़डी ने ये कार्रवाई दिल्ली के शराब घोटाले को लेकर की है। जांच एजेंसी ने लखनऊ, मुंबई, हैदराबाद और गुरुग्राम समेत 30 ठिकानों पर छापेमारी की। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, तेलंगाना और महाराष्ट्र के तमाम ठिकानों पर जांच एजेंसी की टीमें पहुंची हैं। बता दें, शराब नीति मामले में ईडी ने मनीलॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया है। उसी के तहत अब देश भर में छापेमारी की जा रही है।
क्या है पूरा मामला
दिल्ली में नई शराब नीति को आम आदमी की पार्टी की सरकार ने लागू किया था। इस नीति के आने के बाद दिल्ली के शराब कारोबारी ग्राहकों को डिस्काउंटेड रेट पर शराब बेच रहे थे। कई जगहों पर एक बोतल खरीदने पर दूसरी मुफ्त दी जा रही थी। जांच एजेंसी ने इस नई शराब नीति में घोटाला होने का दावा किया था, जिसके बाद उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। बाद में अरविंद केजरीवाल की सरकार ने यह नीति वापस ले ली थी।
वहीं इस मामले में आम आदमी पार्टी का आरोप है कि बीजेपी, केजरीवाल सरकार परेशान करने के लिए केन्द्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि सरकार, केजरीवाल सरकार के शिक्षा-स्वास्थ्य मॉडल से मोदी सरकार परेशान है।
वहीं दूसरी तरफ बीजेपी भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर आप सरकार में मंत्री सत्येंद्र जैन और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को बर्खास्त करने की मांग कर रही है। वहीं इस मामले में दिल्ली के डिप्टी सीएम सिसोदिया ने कहा है कि भाजपा सरकार को पहले के छापे में भी कुछ नहीं मिला, इसबार भी कुछ नहीं मिलेगा।
इसके बाद दिल्ली सरकार ने आबकारी नीति 2021-22 को वापस ले लिया गया। राज्य में 1 सितंबर से पुरानी शराब नीति दोबारा लागू कर दी गई है।