जीरोधा और अपस्टॉक्स जैसी देसी ब्रोकरेज फर्मों पर क्लाउडफ्लेयर की सेवा में अवरोध का असर देखने को मिला। कैलिफॉर्निया की फर्म क्लाउडफ्लेयर, विस्तृत इंटरनेट कारोबारों के लिए क्लाउड आधारित सेवाएं मुहैया कराती है।
करीब एक घंटे रही तकनीकी बाधा के कारण कई खुदरा निवेशकों ने अपने ऑर्डर के क्रियान्वयन पर परेशानी का सामना किया।
देश की सबसे बड़ी ब्रोकर जीरोधा ने ट्वीट किया, हमें कुछ निश्चित आईएसपी पर क्लाउडफ्लेयर के नेटवर्क के रुक-रुककर आने की खबर मिली। हम इस संबंध में क्लाउडफेयर से बातचीत कर रहे हैं। इस बीच, वैकल्पिक इंटरनेट कनेक्शन के इस्तेमाल की सलाह दी गई।
एक अन्य ब्रोकर अपस्टॉक्स ने ट्वीट में कहा, हमारा कंटेंट डिलिवरी नेटवर्क पार्टर क्लाउडफ्लेयर भारत में कुछ मुश्किलों का सामना कर रही है, जिसके कारण हमारी कुछ सेवाएं अस्थायी तौर पर उपलब्ध नहीं हो सकी। हम इसके समाधान में लगे हुए हैं और समाधान होते ही इसकी सूचना जल्द देंगे।
यह घटना बताती है कि थर्ड पार्टी इंटरनेट इन्फ्रास्ट्रक्चर फर्मों पर उच्च निर्भरता किस तरह से स्टॉक ट्रेडिंग जैसी गतिविधियों में अवरोध खड़ा कर सकती है। पिछले हफ्ते भी क्लाउडफ्लेयर ने कथित तौर पर विश्व के कुछ हिस्सों में ऐसी ही मुश्किलों का सामना किया था।