निफ्टी सूचकांकों के कई शेयरों में बुधवार को बदलाव किया जा सकता है। सूचकांक में यह फेरबदल त्रैमासिक बदलाव की प्रक्रिया के आधार पर किया जाता है। भारांक में बदलाव के संदर्भ में सबसे बड़ा बदलाव निफ्टी सीपीएसई सूचकांक में होगा, जिसमें ओएनजीसी का भारांक 320 आधार अंक तक बढ़ जाएगा और एनटीपीसी तथा पावरग्रिड के भारांक में 152 आधार अंक और 87 आधार अंक तक की कमी आएगी।
एडलवाइस अल्टरनेटिव ऐंड क्वांटिटेटिव रिसर्च के अभिलाष पगारिया द्वारा की गई गणना के अनुसार, ओएनजीसी में 7.7 करोड़ डॉलर का पूंजी प्रवाह आकर्षित होगा, जबकि एनटीपीसी और पावरग्रिड में 3.6 करोड़ डॉलर और 3.1 करोड़ डॉलर की निकासी दर्ज की जाएगी।
कोल इंडिया, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और एनएमडीसी अन्य ऐसे शेयर हैं जिनका भारांक सीपीएसई सूचकांक में घट जाएगा। सीपीएसई सूचकांक सरकार को विनिवेश कार्यक्रम को ध्यान में रखकर कंपनियों के प्रदर्शन के आकलन में मदद के लिए बनाया गया है।
निफ्टी सूचकांक के तिमाही बदलाव में कुछ खास कंपनियों के फ्री-फ्लोट बाजार पूंजीकरण में बदलाव पर ध्यान दिया जाता है और भारांक को तय किया जाता है।
इस बीच, बैंक निफ्टी सूचकांक में ऐक्सिस बैंक और भारतीय स्टेट बैंक एसबीआई(एसबीआई) अपने भारांक में 104 आधार अंक और 30 आधार अंक का इजाफा दर्ज करेंगे और इसके परिणामस्वरूप उनमें 4.3 करोड़ तथा 1.2 करोड़ डॉलर का पूंजी प्रवाह दिखेगा। एडलवाइस के अनुसार, दूसरी तरफ, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और कोटक बैंक के भारांक में 79 आधार अंक, 68 आधार अंक और 34 आधार अंक तक की कमी आएगी और इसकी वजह से उनमें 3.2 करोड़, 2.8 करोड़ और 1.4 करोड़ डॉलर की बिकवाली दर्ज की जा सकती है।