सोमावार को गिरावट के साथ बंद हुआ भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को जोरदार तेजी के साथ खुला। कारोबार की शुरुआत दोनों प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी ने हरे निशान के साथ की। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1200 अंक चढ़कर 58,035 के स्तर पर ट्रेड कर रहा है। वहीं, 50 शेयरों वाले एनएसई निफ्टी ने भी अच्छी तेजी के साथ कारोबार शुरू किया और इसमें 320.3 अंकों की उछाल देखी गई और यह 17,250 अंक के ऊपर पहुंच गया।
इन कंपनियों के शेयर में आई तेजी
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से इंडसइंड बैंक, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, एसबीआई, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी, टीसीएस, टाटा स्टील और बजाज फिनसर्व के शेयरों में तगड़ी बढ़त रही।दूसरी तरफ पावरग्रिड के शेयर नुकसान के साथ कारोबार कर रहे थे। पिछले कारोबारी दिवस पर सेंसेक्स 638.11 अंक गिरकर 56,788.81 अंक पर बंद हुआ था जबकि निफ्टी 207 अंक के नुकसान के साथ 16,887.35 अंक पर रहा था।
एशियाई बाजारों में तेजी
एशिया के अन्य बाजारों में सोल और टोक्यो के सूचकांक बढ़त पर दर्ज किए गए। अमेरिकी शेयर बाजार सोमवार को खासी बढ़त के साथ बंद हुए थे। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.53 प्रतिशत बढ़कर 89.33 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को भी भारतीय बाजार से निकासी जारी रखी। शेयर बाजार से उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने सोमवार को 590.58 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की थी।