Representational Image
बजाज ऑटो अपने सबसे जाने-माने मोटरसाइकल ब्रांड पल्सर पर दांव लगा रही है। वित्त वर्ष 26 की चौथी तिमाही की आय के संबंध में बातचीत के दौरान कार्यकारी निदेशक राकेश शर्मा ने खास बातों पर तो हमेशा की तरह सावधानी बरती, लेकिन बताया, ‘हमारे पास 125 सीसी और 150 से 250 सीसी वाली श्रेणियों में नई मोटरसाइकलें होंगी। हम उन्हें जल्द से जल्द खासकर दूसरी तिमाही में लाना चाहेंगे, ताकि हम उस तेजी का फायदा उठा सकें, जो आम तौर पर सीजन के समय आती है।’ ये मॉडल ज्यादातर पल्सर ब्रांड के तहत होंगी।
हाल के महीनों में पल्सर ब्रांड की बिक्री और लोकप्रियता दोनों में ही काफी बढ़ोतरी हुई है। अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 के बीच बजाज ने अकेले पल्सर एन और एनएस श्रृंखला में ही लगभग 8 से 10 नए मॉडल पेश किए। शर्मा ने बताया कि अब ये नए मॉडल 150 सीसी से ज्यादा क्षमता वाली श्रेणी में बजाज की कुल बिक्री में 50 प्रतिशत से भी ज्यादा की हिस्सेदारी करते हैं। यह इस बात का संकेत है कि नए मॉडल उतारने की तेज़ रफ्तार को ग्राहकों का सीधा समर्थन मिल रहा है। वित्त वर्ष 27 के बाकी महीनों में भी नए मॉडल पेश करने का सिलसिला इसी तरह जोर-शोर से जारी रहेगा।
वित्त वर्ष 26 के लिए सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सायम) के आंकड़े बताते हैं कि 150 से 200 सीसी वाली श्रेणी, जो पल्सर का मुख्य क्षेत्र है, देश के मोटरसाइकल बाजार में सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख श्रेणी थी और यह सालाना आधार पर 37.5 प्रतिशत बढ़कर 15.1 लाख हो गई। इस श्रेणी में बजाज की अपनी बिक्री 61.5 प्रतिशत बढ़ी, जो इस श्रेणी के औसत से काफी अधिक है।