ऑटोमोबाइल

भारत में रिटेल नेटवर्क बढ़ा रही VinFast, 2026 तक 75 डीलरशिप का लक्ष्य

8 महीने में 50 शोरूम खोलने के बाद अब उभरते शहरों पर फोकस, EV इकोसिस्टम मजबूत करने की तैयारी

Published by
शाइन जेकब   
Last Updated- March 26, 2026 | 9:07 AM IST

वियतनाम की वाहन क्षेत्र की दिग्गज कंपनी विनफास्ट अब अपने रिटेल नेटवर्क का विस्तार कर रही है। कंपनी पहले ही भारत में चौथी सबसे ज्यादा बिकने वाले ईवी विनिर्माता के रूप में पहचान बना चुकी है। कंपनी ने भारतीय बाजार में प्रवेश के आठ महीने के भीतर ही 50 रिटेल आउटलेट खोल दिए हैं। अब उसका लक्ष्य साल 2026 के अंत तक 60 शहरों में 75 डीलरशिप स्थापित करने का है।

विस्तार की इस रणनीति के तहत न केवल महानगरों और प्रमुख शहरों पर ध्यान दिया जाएगा, बल्कि वह उभरते बाजारों में भी विस्तार करेगी। इससे देश भर में प्रीमियम इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को सुलभ बनाने की कंपनी की प्रतिबद्धता मजबूत होगी।

विनफास्ट इंडिया के मुख्य कार्य अधिकारी तपन घोष ने कहा, ‘हमने पूरे देश में 50 शोरूम स्थापित करके अहम मुकाम हासिल कर लिया है। यह हमारे तीव्र विस्तार और देश भर में अपनी ब्रांड मौजूदगी मजबूत करने की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बेंगलूरु में हमारी प्रमुख 3एस इकाई की शुरुआत इस प्रगति को बताती है। यह ग्राहकों की जरूरतों को प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए बिक्री, सेवा और स्पेयर पार्ट में संयुक्त उत्कृष्टता मुहैया कराती है। यह तीव्र वृद्धि भारत के इलेक्ट्रिक वाहन तंत्र को आगे बढ़ाने में विनफास्ट की अहम भूमिका को रेखांकित करती है।’

चूंकि भारत में परिचालन जोर पकड़ रहा है, इसलिए विनफास्ट विनिर्माण, खुदरा, चार्जिंग के बुनियादी ढांचे, आफ्टर सेल सर्विस और बैटरी की सर्कुलर मूल्य श्रृंखला में व्यापक ईवी पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण कर रही है। इसके लिए वह बैंकों और भागीदारों से सहयोग कर रही ताकि निर्बाध स्वामित्व का अनुभव प्रदान किया जा सके और पर्यावरण अनुकूल आवागमन को बढ़ावा दिया जा सके।

First Published : March 26, 2026 | 9:07 AM IST