Oil Prices: भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी जारी है। सरकारी तेल कंपनियों ने हाल के दिनों में कई बार दाम बढ़ाए हैं, जिसके बाद दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि इसका असर सिर्फ गाड़ियों के खर्च तक सीमित नहीं रहता, बल्कि ट्रांसपोर्ट महंगा होने से रोजमर्रा की चीजें भी महंगी हो सकती हैं।
इसी बीच अगर भारत के पड़ोसी देशों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर नजर डालें तो तस्वीर काफी अलग दिखती है। कई देशों में पेट्रोल और डीजल भारत से कहीं ज्यादा महंगे बिक रहे हैं। 18 मई 2026 तक के अंतरराष्ट्रीय आंकड़ों के मुताबिक पाकिस्तान, नेपाल और श्रीलंका जैसे देशों में पेट्रोल 130 से 140 रुपये प्रति लीटर के आसपास पहुंच चुका है। वहीं कुछ देशों में डीजल भी भारत के मुकाबले काफी महंगा है।
ज्ञात हो कि तेल की कीमत सिर्फ कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय दरों पर निर्भर नहीं करती। किसी देश में टैक्स कितना है, सरकार सब्सिडी देती है या नहीं, स्थानीय मुद्रा डॉलर के मुकाबले कितनी मजबूत है और तेल आयात पर निर्भरता कितनी है, ये सभी चीजें कीमत तय करने में बड़ी भूमिका निभाती हैं।
हाल के महीनों में अमेरिका-ईरान तनाव और पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया था। हालांकि अब तनाव कम होने की खबरों के बीच ब्रेंट क्रूड में गिरावट देखी गई है। ब्रेंट क्रूड करीब 94 डॉलर प्रति बैरल तक फिसल गया है। इससे आने वाले समय में वैश्विक तेल बाजार को कुछ राहत मिलने की उम्मीद बढ़ी है।
पड़ोसी देशों में पाकिस्तान का पेट्रोल सबसे महंगे देशों में शामिल है। वहां पेट्रोल की कीमत 1.471 डॉलर प्रति लीटर है। 1 डॉलर को 95.26 रुपये मानें तो पाकिस्तान में पेट्रोल करीब 140.14 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। डीजल भी वहां बेहद महंगा है। पाकिस्तान में डीजल 1.470 डॉलर प्रति लीटर यानी करीब 140.04 रुपये प्रति लीटर पहुंच चुका है।
यह पढ़ें: 5 रुपये महंगा हुआ ईंधन और बदल गई कार खरीदने की सोच! EV की तरफ भाग रहे ग्राहक
नेपाल में पेट्रोल 1.406 डॉलर प्रति लीटर यानी करीब 133.95 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं डीजल 1.457 डॉलर प्रति लीटर यानी करीब 138.80 रुपये प्रति लीटर है। श्रीलंका में पेट्रोल 1.422 डॉलर प्रति लीटर यानी करीब 135.47 रुपये प्रति लीटर और डीजल 1.386 डॉलर यानी करीब 132.03 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
चीन में पेट्रोल 1.372 डॉलर प्रति लीटर यानी करीब 130.69 रुपये प्रति लीटर है। वहीं डीजल 1.233 डॉलर यानी करीब 117.44 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। हालांकि चीन दुनिया के बड़े तेल उपभोक्ता देशों में शामिल है, लेकिन वहां सरकार ऊर्जा क्षेत्र पर कड़ा नियंत्रण रखती है और घरेलू बाजार में कीमतों को संतुलित करने की कोशिश करती है।
यह पढ़ें: दिल्ली में पेट्रोल 102 रुपये पार, लेकिन इन देशों में 3 रुपये लीटर से भी कम में मिल रहा तेल
बांग्लादेश में पेट्रोल 1.140 डॉलर प्रति लीटर यानी करीब 108.60 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं डीजल 0.937 डॉलर यानी करीब 89.26 रुपये प्रति लीटर है। भूटान में पेट्रोल 1.134 डॉलर प्रति लीटर यानी करीब 108.03 रुपये प्रति लीटर और डीजल 1.041 डॉलर यानी करीब 99.17 रुपये प्रति लीटर है।
(नोट: लेख में दिए गए आंकड़े globalpetrolprices डॉट कॉम से लिए गए हैं। दुनियाभर के पेट्रोल-डीजल के आंकड़े 18 मई 2026 तक के हैं।)