रियल एस्टेट

रियल एस्टेट पर युद्ध का साया! देश के 7 बड़े शहरों में घरों की कीमतों में दिखी मामूली बढ़त

पश्चिम एशिया संकट और नकारात्मक उपभोक्ता धारणा के चलते देश के शीर्ष सात शहरों में मकानों की औसत कीमतों में केवल दो प्रतिशत की मामूली वृद्धि हुई है

Published by
भाषा   
Last Updated- April 05, 2026 | 10:39 PM IST

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच नकारात्मक उपभोक्ता धारणा के कारण बिक्री में आई गिरावट से देश के शीर्ष सात आवास बाजारों में जनवरी-मार्च अवधि के दौरान औसत कीमतों में पिछली तिमाही की तुलना में केवल दो प्रतिशत की मामूली वृद्धि देखी गई।

संपत्ति के बारे में परामर्श देने वाली कंपनी एनारॉक की रिपोर्ट के अनुसार सात प्रमुख शहरों में घरों की औसत कीमतें जनवरी-मार्च में बढ़कर 9,456 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गईं, जो पिछली तिमाही में 9,260 रुपये प्रति वर्ग फुट थीं। सालाना आधार पर कीमतों में सात प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो जनवरी-मार्च, 2025 में 8,868 रुपये प्रति वर्ग फुट थी। इन शहरों में मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर), दिल्ली-एनसीआर, बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद, चेन्नई और कोलकाता शामिल हैं

दिल्ली-एनसीआर में औसत आवास मूल्य जनवरी-मार्च में तीन प्रतिशत बढ़कर 9,620 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गया, जो पिछली तिमाही में 9,300 रुपये प्रति वर्ग फुट था। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 8,330 रुपये प्रति वर्ग फुट था, जिसमें सालाना आधार 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। मुंबई महानगर क्षेत्र में वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान दरें बढ़कर 17,600 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गईं, जो वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 16,900 रुपये प्रति वर्ग फुट थी।

बेंगलुरु में औसत कीमतें वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में बढ़कर 9,310 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गईं, जो वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 8,650 रुपये प्रति वर्ग फुट थीं।

पुणे में वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में आवासीय संपत्तियों की कीमतें दो प्रतिशत बढ़कर 8,220 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गईं, जो वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 7,800 रुपये प्रति वर्ग फुट थीं।

 चेन्नई में वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में औसत आवास की कीमतें बढ़कर 7,165 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गईं, जो वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 6,900 रुपये प्रति वर्ग फुट थीं। 

First Published : April 5, 2026 | 10:39 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)