रियल एस्टेट

हैदराबाद बना लग्जरी हाउसिंग का किंग, बेंगलूरु ने पकड़ी रफ्तार, जानें किस शहर में मिल रहा सबसे बड़ा घर

दक्षिण भारत के लग्जरी हाउसिंग मार्केट में हैदराबाद ने सबसे बड़ा दबदबा बनाया, जबकि बेंगलूरु सबसे तेजी से बढ़ता हुआ बाजार बनकर उभरा है।

Published by
रामवीर सिंह गुर्जर   
Last Updated- May 05, 2026 | 4:04 PM IST

South India’s Luxury Housing Market: हैदराबाद ने दक्षिण भारत के अल्ट्रा-लग्जरी हाउसिंग मार्केट में दबदबा बना लिया है।  इंडिया सोथबीज इंटरनेशनल रियल्टी और सीआरई मैट्रिक्स द्वारा जारी ‘साउथ इंडिया हाई-एंड लग्जरी हाउसिंग रिपोर्ट’ के अनुसार वित्त वर्ष 26 में ₹10 करोड़ और उससे अधिक कीमत वाले मकानों की बिक्री ₹8,562 करोड़ दर्ज की गई। हैदराबाद का यह प्रदर्शन बेंगलूरु से चार गुना अधिक है, जो शहर के बड़े और शानदार फ्लोर स्पेस वाले प्रोजेक्ट में नेतृत्व को दिखाता है। हैदराबाद में लगभग 57% बिक्री 8,000 वर्ग फुट से बड़े अपार्टमेंट की रही, जबकि विला और रो हाउस कुल मूल्य का 40% रहे।

बेंगलूरु के लग्जरी मार्केट में भी तेज वृद्धि

इस रिपोर्ट के अनुसार बेंगलूरु में कुल बिक्री ₹1,957 करोड़ के साथ छोटा होने के बावजूद सबसे तेज बढ़ते लग्जरी मार्केट के रूप में उभरा है। यहां अल्ट्रा-लग्जरी मकानों की बिक्री में सालाना 52% की वृद्धि दर्ज की गई। नए माइक्रो-मार्केट्स में राजानुकुंटे प्रमुख है, जिसकी बिक्री ₹572 करोड़ रही। चेन्नई अब भी प्रीमियम और प्रेस्टिज-ड्रिवन मार्केट बना हुआ है, जिसमें ₹727 करोड़ की बिक्री दर्ज की गई। शहर के लग्जरी सेगमेंट को केंद्रीय इलाकों जैसे अबिरामपुरम और अल्वारपेट संचालित करते हैं और सीमित ग्रेड ए ऑफिस स्पेस के कारण उच्च आय वाले खरीदारों की संख्या कम है।

हैदराबाद ने बड़े व भव्य मकान, बेंगलूरु नये इलाके खुलने और चेन्नई पुराने व प्रतिष्ठित इलाके में बनाई पहचान

रिपोर्ट का एक प्रमुख निष्कर्ष “वैल्यू-फॉर-स्पेस” अनुपात है। ₹10 करोड़ निवेश पर हैदराबाद में खरीदार को औसतन 6,210 वर्ग फुट मिलते हैं, जबकि बेंगलूरु में 3,930 और चेन्नई में 4,290 वर्ग फुट मिलते हैं। इंडिया सोथबीज इंटरनेशनल रियल्टी के सीईओ अश्विन चड्ढा ने कहा, ‘ दक्षिण भारत के लग्जरी हाउसिंग मार्केट की तीन अलग-अलग खासियत हैं। हैदराबाद में बड़े और भव्य मकान ज्यादा मिलते हैं, बेंगलूरु तेजी से बढ़ रहा है और नए इलाके खुल रहे हैं, जबकि चेन्नई में पुराने और प्रतिष्ठित इलाके हैं। हैदराबाद अल्ट्रा-लग्जरी वॉल्यूम में नया मापदंड स्थापित कर चुका है, जबकि बेंगलूरु तेजी से बढ़ने वाला शहर है।’ सीआरई मैट्रिक्स के सह-संस्थापक और सीईओ अभिषेक किरण गुप्ता ने कहा, ‘हैदराबाद की नेतृत्व क्षमता मजबूत स्ट्रक्चरल फंडामेंटल पर आधारित है और यहां स्पेस वैल्यू और बड़े फ्लोर प्लेट की लगातार मांगहै, वहीं  बेंगलूरु का बदलाव दिखाता है कि प्रीमियम लिविंग अब सिर्फ पुराने और प्रतिष्ठित इलाकों तक सीमित नहीं है। निवेशकों के लिए संदेश स्पष्ट है कि रणनीति बनाते समय केवल सेगमेंट के बजाय शहर के हिसाब से निर्णय लें।’

वित्त वर्ष 26 के प्रमुख आंकड़े

शहर  बिक्री मूल्य यूनिट बड़े अपाटमेंट टॉप लोकेलिटी वृद्धि
हैदराबाद 8,562 625 355 कोकापेट 10%
बेंगलूरु 1,957 128 19 राजानुकुंटे 52%
चेन्नई 727 58 0 अबिरामपुरम 49%

नोट: बिक्री मूल्य करोड रुपये में और बड़े अपार्टमेंट का साइज 8,000 वर्ग फुट से ज्यादा है।     

First Published : May 5, 2026 | 4:04 PM IST