रियल एस्टेट

बॉलीवुड अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा ने किराये पर दी प्रोपर्टी, जानें कितनी होगी कमाई?

Malaika Arora ने मुंबई के बांद्रा वेस्ट में अपना अपार्टमेंट किराए पर देकर 3 साल में करीब ₹1.17 करोड़ कमाने का सौदा किया।

Published by
रामवीर सिंह गुर्जर   
Last Updated- March 31, 2026 | 1:33 PM IST

बॉलीवुड अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा ने मुंबई में अपना एक अपार्टमेंट किराए पर दिया है। संपत्ति पंजीकरण दस्तावेजों के अनुसार इस फ्लैट का शुरुआती मासिक किराया ₹3.10 लाख तय किया गया है। यह जानकारी स्क्वेयर यार्ड्स ने महाराष्ट्र के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ रजिस्ट्रेशन (IGR) की वेबसाइट पर उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर दी है। यह सौदा मार्च 2026 में पंजीकृत हुआ।

मलाइका अरोड़ा को कितना मिलेगा कुल किराया?

स्क्वेयर यार्ड्स द्वारा देखे गए दस्तावेजों के अनुसार, बांद्रा वेस्ट स्थित Vida बिल्डिंग में यह अपार्टमेंट किराए पर दिया गया है। इस लीज डील पर ₹30,819 की स्टांप ड्यूटी और ₹1,000 का पंजीकरण शुल्क अदा किया गया। साथ ही ₹20 लाख की सुरक्षा राशि (डिपॉजिट) ली गई है।
स्क्वेयर यार्ड्स के विश्लेषण के अनुसार लीज की अवधि 36 महीने तय की गई है। पहले वर्ष के लिए मासिक किराया ₹3.10 लाख है। दूसरे वर्ष में इसमें 5% बढ़ोतरी के साथ किराया ₹3.25 लाख हो जाएगा। तीसरे वर्ष में फिर 5% की वृद्धि के बाद मासिक किराया लगभग ₹3.41 लाख रहेगा। इस तरह तीन वर्षों में कुल किराया लगभग ₹1.17 करोड़ बनता है।

क्यों खास है बांद्रा वेस्ट?

बांद्रा वेस्ट मुंबई के सबसे प्रतिष्ठित रियल एस्टेट इलाकों में गिना जाता है। इसे अक्सर ‘क्वीन ऑफ द सबर्ब्स’ ( Queen of the Suburbs) कहा जाता है। यहां समुद्र के किनारे लग्जरी अपार्टमेंट, विरासत बंगलों और आधुनिक गेटेड रिहायशी परिसरों का अनूठा मेल मिलता है, जो सेलिब्रिटी, उद्यमियों और उच्च आय वर्ग के परिवारों को आकर्षित करता है। वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, बांद्रा-वर्ली सी लिंक और उपनगरीय रेल नेटवर्क से उत्कृष्ट कनेक्टिविटी के साथ-साथ यह इलाका बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC), लोअर परेल और अंधेरी जैसे प्रमुख कारोबारी केंद्रों के नजदीक है। कार्टर रोड और बैंडस्टैंड जैसे लोकप्रिय स्थान, प्रीमियम रिटेल आउटलेट, कैफे और फाइन-डाइनिंग रेस्तरां इस इलाके की पहचान हैं।

कौन हैं बॉलीवुड अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा?

मलाइका अरोड़ा भारतीय फिल्म उद्योग की जानी-मानी अभिनेत्री, डांसर, मॉडल और टीवी हस्ती हैं। उन्होंने फिल्म दिल से..के गीत ‘छैंया छैंया’ से लोकप्रियता हासिल की। बाद में दबंग फिल्म के गीत ‘मुन्नी बदनाम हुई’ से भी उन्हें व्यापक पहचान मिली। वे फैशन और फिटनेस जगत में भी एक प्रमुख नाम हैं और कई रियलिटी शो में जज के रूप में नजर आ चुकी हैं। उनकी शादी बॉलीवुड अभिनेता अरबाज खान से हुई थी।हालांकि अब उनका खान से तलाक हो चुका है।

First Published : March 31, 2026 | 1:25 PM IST