Cricket

IPL 2024 के 17वें मैच में पूरे हुए 300 सिक्स, हर 13वीं गेंद गई स्टैंड में, जानें बीते सीजनों का हाल

IPL 2024 Update Today: 300 छक्कों का मुकाम इस साल 17वें मैच में ही छू लिया गया है। इस दौरान हर 12.5 गेंद (यानी हर 13वीं गेंद) पर एक सिक्स लगा है।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- April 04, 2024 | 8:56 PM IST

IPL 2024 का आज 17वां मैच गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के बीच खेला जा रहा है। इस मैच के पहले ओवर में जैसे ही शुभमन गिल ने हरप्रीत बराड़ की गेंद पर सिक्स लगाया। मौजूदा सीजन में कुल छक्कों की संख्या 300 हो गई।

300 छक्कों का मुकाम इस साल 17वें मैच में ही छू लिया गया है। इस दौरान हर 12.5 गेंद (यानी हर 13वीं गेंद) पर एक सिक्स लगा है। हालांकि, यह पहला मौका नहीं है जब IPL सीजन में सिक्स की बरसात हुई हो। इसके पहले भी चार सीजनों में जमकर हिटिंग देखने को मिली है। लेकिन उन सीजनों में 17 मैचों में इतने सिक्स नहीं लगे।

गौर करने वाली बात है कि इस सीजन में दो बार 270 से ज्यादा का स्कोर टीमें बना चुकी हैं। पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने 277 का स्कोर बनाया तो बीती रात कोलकाता नाइटराइडर्स ने 272 रन का स्कोर बना दिया। इस दोनों ही मैचों में जमकर सिक्स लगे। उसी का नतीजा छक्के लगने की संख्या में देखने को मिल रहा है।

एक सीज़न के पहले 17 मैचों में सबसे ज्यादा छक्के

साल सिक्स गेंद/सिक्स
2024 300* 12.5
2023 259 15.3
2020 258 15.6
2018 245 15.8
2022 245 16.1

इससे पहले साल 2023 आईपीएल सीजन में 17 मैचों में 259 सिक्स लगे थे। इस दौरान हर 15.3 गेंद पर एक सिक्स लगा था। साल 2020 में 17 मैचों में 258 सिक्स लगे थे। वहीं, 2018 सीजन में इतने ही मैचों में 245 और 2022 सीजन में इतने ही मैचों में 245 छक्के लगे थे। कुल मिलाकर देखें तो पिछले सीजनों में 17 मैचों के बाद सिक्स लगने का आंकड़ा आस-पास ही रहा है लेकिन मौजूदा सीजन में यह फासला खासा बढ़ गया है।

आईपीएल के बाद टी20 वर्ल्ड कप अमेरिका और वेस्टइंडीज में होना है। ऐसे में इस टूर्नामेंट की छाप वहां देखने को मिले तो इसमें कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी।

 

First Published : April 4, 2024 | 8:56 PM IST