Cricket

AUS vs NZ T20: ऑस्ट्रेलिया की न्यूजीलैंड पर रोमांचक जीत, टिम डेविड ने अंतिम गेंद पर चौका लगा जिताया मैच

ऑस्ट्रेलिया को लक्ष्य तक पहुंचाने में कप्तान मिशेल मार्श का अहम योगदान रहा जिन्होंने 44 गेंद पर नाबाद 72 रन बनाए।

Published by
भाषा   
Last Updated- February 21, 2024 | 4:46 PM IST

Aus vs NZ 1st T20: टिम डेविड ने मैच की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर ऑस्ट्रेलिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ बुधवार को यहां पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में छह विकेट से रोमांचक जीत दिलाई। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 215 रन बनाए, जिसमें 13 छक्के और 10 चौके शामिल हैं।

उसकी तरफ से डेवोन कॉनवे (46 गेंद पर 63 रन, पांच चौके, दो छक्के) और रचिन रविंद्र (35 गेंद पर 68 रन, दो चौके, छह छक्के) ने अर्धशतक जमाए जबकि सलामी बल्लेबाज फिन एलेन ने 17 गेंद पर 32 रन का योगदान दिया।

ऑस्ट्रेलिया को लक्ष्य तक पहुंचाने में कप्तान मिशेल मार्श का अहम योगदान रहा जिन्होंने 44 गेंद पर नाबाद 72 रन बनाए। उनकी इस पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया अपना तीसरा हाईएस्ट टारगेट हासिल करने में सफल रहा।

ऑस्ट्रेलिया को अंतिम ओवर में चाहिए थे 19 रन

मार्श ने अपनी पारी में दो चौके और सात छक्के लगाए। उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। मैच के आखिर में डेविड (10 गेंद पर नाबाद 31 रन, दो चौके तीन छक्के) ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने 19वें ओवर की अंतिम तीन गेंद पर दो छक्के और एक चौका लगाया। इस तरह से ऑस्ट्रेलिया को अंतिम ओवर में 19 रन की दरकार थी।

न्यूजीलैंड ने अपने अनुभवी तेज गेंदबाज टिम साउदी को अंतिम ओवर करने की जिम्मेदारी सौंपी। उनकी पहली दो गेंद वाइड चली गई। इसके बावजूद ऑस्ट्रेलिया को अंतिम तीन गेंद पर 12 रन की जरूरत थी।

डेविड ने चौथी गेंद पर छक्का लगाया और अगली गेंद पर दो रन लिए। इसके बाद उन्होंने विजयी चौका लगाकर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 216 रन पर पहुंचाया और उसे तीन मैच की सीरीज में 1-0 से आगे कर दिया।

First Published : February 21, 2024 | 4:45 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)