IPL 2024 की खोज मयंक यादव ने अपनी तूफानी गेंदबाजी से पिछले मैच में सबको अपना मुरीद बनाया था। बहरहाल, आज जब वह चिन्नास्वामी में उतरे तो उनके रंग में रत्ती भर भी फर्क नहीं दिखा। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ इस मैच में 182 रन के लक्ष्य को डिफेंड कर रही लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें छठे ओवर में गेंदबाजी आक्रमण पर लगाया।
पहले ही ओवर में मयंक ने फेंकी 151 के रफ्तार वाली गेंद
मयंक की पहली ही गेंद पर फाफ डु प्लेसी (19) रन आउट हो गए तो उन्होंने पांचवीं गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल को पूरन के हाथों कैच कराते हुए आउट कर दिया। दिलचस्प बात ये रही कि जिस गेंद पर उन्हें मैक्सवेल का विकेट मिला, उसकी रफ्तार 151 किलोमीटर प्रति घंटा थी। उन्होंने अपने पहले ओवर में कुल 6 रन खर्च किए।
दूसरे ओवर में मयंक पहुंचे 156.7 की रफ्तार तक
अपने दूसरे ओवर में मयंक और भी तूफानी नजर आए। उन्होंने अपने ओवर की दूसरी ही गेंद 156.7 की रफ्तार से फेंकी। अगली गेंद जो 151.3 की रफ्तार वाली थी। इसमें ग्रीन ने चौका तो बटोरा लेकिन यह ज्यादा भरोसे वाला नहीं था। साफ था कि मयंक का खौंफ ग्रीन पर हावी हो रहा था। नतीजतन, अगली ही गेंद पर मयंक ने ग्रीन को बोल्ड कर दिया और इस भिड़ंत में एकतरफा जीत हासिल की। इस तरह से मयंक ने फिर से अपने दूसरे ओवर में केवल 5 रन खर्च करके 1 विकेट झटका।
तीसरे ओवर में फिर से छुआ 155 का मीटर
मयंक को कप्तान ने लगातार तीसरा ओवर भी दिया। मयंक ने फिर से रफ्तार से भरपूर गेंदबाजी की। अनुज रावत के खिलाफ पहली गेंद 152.3, दूसरी गेंद 155.3 की रफ्तार से खेली। उनकी तेजी देखकर बल्लेबाज डिफेंसिव हो गए और उन्होंने अपने तीसरे ओवर में कुल 3 रन ही खर्च किए।
चौथे ओवर में भी मयंक का जलवा रहा बरकरार
मयंक यादव का जलवा चौथे ओवर में भी बरकरार रखा। मयंक को पारी के 15वें ओवर में गेंदबाजी आक्रमण पर वापस लाया गया। उन्होंने दूसरी ही गेंद पर टीम को फिर से सफलता दिलाई। इस दौरान उन्होंने रजत पाटीदार को आउट किया। 150 की रफ्तार वाली गेंद पर पाटीदार को बीट करके उन्होंने ये विकेट हासिल किया।
मयंक ने मैच में कमाल की गेंदबाजी की और 4 ओवर में केवल 14 रन पर 3 विकेट झटकते हुए अपने स्पैल का अंत किया। मयंक ने पिछले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ 155.8 की रफ्तार से गेंद फेंकी थी।