भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को आयरलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप के पहले मैच में तेज गेंदबाज जोश लिटिल की गेंद से बाजू के ऊपरी हिस्से में चोट लगी और उन्हें मैदान छोड़कर जाना पड़ा। रोहित ने 37 गेंद में चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 52 रन बनाकर भारत की आठ विकेट से जीत में अहम भूमिका निभाई।
उन्हें नौवें ओवर की दूसरी गेंद पर चोट लगी। वह दसवें ओवर की आखिरी गेंद के बाद भारतीय टीम के फिजियो के साथ मैदान से चले गए। असमान उछाल वाली पिच पर लगी चोट के बारे में तफ्सील से जानकारी की प्रतीक्षा है।
बाद में 11वें ओवर की पहली गेंद पर ऋषभ पंत को भी कोहनी में चोट लगी और गेंदबाज लिटिल ही थे। फिजियो से उपचार कराने के बाद उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखी और छक्का लगाकर जीत दिलाई।