अदाणी ग्रुप ने आज ऐलान किया कि कंपनी डिजिटल बुनियादी ढांचे, बिजली उत्पादन और सीमेंट विनिर्माण की तीन परियोजनाओं पर ओडिशा में 33,081 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। यह निवेश साल 2047 तक 1.5 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की राज्य सरकार की महत्त्वाकांक्षी कार्य योजना के अनुरूप है।
खुर्दा जिले के भुइनपुर में इन परियोजनाओं के शिलान्यास समारोह में अदाणी पोर्ट्स ऐंड एसईजेड लिमिटेड के प्रबंध निदेशक करण अदाणी ने कहा कि समूह की नवीनतम परियोजनाएं ओडिशा के विकास पथ के प्रति दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का हिस्सा हैं। समूह कटक के पास एक थर्मल पावर संयंत्र में 30,181 करोड़ रुपये, उसी क्षेत्र में एक सीमेंट विनिर्माण इकाई में 2,100 करोड़ रुपये और भुवनेश्वर की इन्फो वैली में एक डेटा सेंटर बनाने पर 800 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। उम्मीद है कि इन परियोजनाओं से रोजगार के लगभग 10,000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष अवसर पैदा होंगे।
अदाणी ने कहा, ‘आगामी डेटा सेंटर डिजिटल अर्थव्यवस्था में ओडिशा की भूमिका मजबूत करेगा। यह आर्टिफिशल इंटेलिजेंस, क्लाउड कंप्यूटिंग और ई-गवर्नेंस के लिए अहम बुनियादी ढांचा प्रदान करेगा। यह केवल सर्वरों से भरी इमारत नहीं होगी, बल्कि डिजिटल अर्थव्यवस्था पर ओडिशा का दावा होगा। इस परियोजना से लगभग 200 अधिक कुशल नौकरियां सृजित होने की उम्मीद है।’
उन्होंने कहा कि इन तीनों परियोजनाओं में सबसे बड़ी थर्मल पावर परियोजना का उद्देश्य इस क्षेत्र में ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करना है। यह संयंत्र ग्रिड को स्थिरता और उद्योगों के लिए ऊर्जा सुरक्षा प्रदान करेगा। उन्होंने जोर दिया कि विश्वसनीय और किफायती बिजली औद्योगिक विकास बनाए रखने के लिए अहम होती है। यह बिजली संयंत्र बड़े और एमएसएमई दोनों ही तरह के उद्योगों का समर्थन करेगा और लगभग 7,000 नौकरियां पैदा करेगा।
2,100 करोड़ रुपये के निवेश वाली सीमेंट विनिर्माण इकाई प्रमुख निर्माण सामग्री की स्थानीय उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए राज्य के बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने में मदद करेगी। इस इकाई से लगभग 2,500 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।