Assam CM Himanta Biswa Sarma
Assam CM Oath Ceremony: असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की लगातार तीसरी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले सोमवार रात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुवाहाटी पहुंचे। हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री पद के लिए निर्वाचित नेता हिमंता बिस्वा सरमा और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।
हिमंता बिस्वा सरमा बुधवार सुबह 11:40 बजे गुवाहाटी में असम के मुख्यमंत्री पद की दूसरी लगातार शपथ लेंगे। यह कार्यक्रम खानापारा स्थित वेटरनरी कॉलेज फील्ड में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सहित कई शीर्ष नेता शामिल होंगे। इसके अलावा 40 से अधिक एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी समारोह में मौजूद रहेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह को देखते हुए खानापारा क्षेत्र में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए बैरिकेडिंग और यातायात डायवर्जन लागू किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
प्रधानमंत्री मोदी गुवाहाटी के खानापारा स्थित कोइनाधोरा राज्य अतिथि गृह में रात्रि विश्राम करेंगे। वे मंगलवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे, जहां हिमंता बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
इसी बीच सरमा ने सोमवार को चार मंत्रियों और विधानसभा स्पीकर के नामों की घोषणा भी कर दी है, जो मंगलवार को उनके साथ शपथ ग्रहण करेंगे।
हिमंता बिस्वा सरमा 12 मई को गुवाहाटी के खानापारा स्थित वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड में असम के मुख्यमंत्री के रूप में दूसरी बार शपथ लेंगे। उनके साथ चार मंत्री भी पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। इनमें भाजपा के दो विधायक शामिल हैं, जबकि सहयोगी दल असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) से एक-एक मंत्री को शामिल किया गया है।
शपथ ग्रहण समारोह में कई केंद्रीय मंत्री, राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री, उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधि, सत्राधिकार (वैष्णव मठों के प्रमुख), भाजपा कार्यकर्ता और बूथ स्तर के पदाधिकारी शामिल होंगे।
हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री के स्वागत को असम के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह अवसर राज्य में लगातार तीसरी बार भाजपा-राजग सरकार के गठन का प्रतीक है।
इस समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, तथा केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, सर्बानंद सोनोवाल, शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया और चिराग पासवान जैसे नेता शामिल होंगे।
इसके अलावा दिल्ली, गोवा, राजस्थान, बिहार, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, ओडिशा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगे।