Representative image
Assembly Election Results Date: देश के पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। अप्रैल महीने में अलग अलग चरणों में मतदान पूरा हो चुका है और अब 4 मई को वोटों की गिनती की जाएगी।
असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को मतदान हुआ था। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोट डाले गए। वहीं पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान कराया गया था। अब इन सभी जगहों के नतीजे एक ही दिन घोषित किए जाएंगे।
हालांकि पश्चिम बंगाल के फलता विधानसभा क्षेत्र में कुछ गड़बड़ियों की शिकायत मिलने के बाद चुनाव आयोग ने यहां के 285 बूथों पर दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया है। इस सीट पर 21 मई को फिर से वोटिंग होगी और इसके नतीजे 24 मई को अलग से घोषित किए जाएंगे।
सभी राज्यों और पुडुचेरी में मतगणना 4 मई की सुबह 8 बजे से एक साथ शुरू होगी। हर जिले में तय किए गए काउंटिंग सेंटर पर पूरी प्रक्रिया कड़ी निगरानी में होगी, ताकि पारदर्शिता और सुरक्षा बनी रहे।
मतदाता और आम लोग चुनाव के नतीजे लाइव देखने के लिए चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट results.eci.gov.in पर जा सकते हैं। यहां हर सीट की अपडेट लगातार मिलती रहेगी। इसके अलावा न्यूज प्लेटफॉर्म्स पर भी पूरे दिन विस्तृत कवरेज और विश्लेषण देखने को मिलेगा।
मतगणना की प्रक्रिया एक तय नियम के अनुसार की जाएगी।
इस दौरान स्ट्रॉन्ग रूम पर कड़ी सुरक्षा रहेगी और बिना अनुमति किसी को भी अंदर जाने की इजाजत नहीं होगी।
मतगणना शुरू होने के कुछ घंटों के भीतर शुरुआती रुझान सामने आने लगेंगे। आमतौर पर सुबह के समय ही यह संकेत मिलना शुरू हो जाता है कि किस पार्टी को बढ़त मिल रही है। जैसे जैसे गिनती आगे बढ़ेगी, तस्वीर साफ होती जाएगी। ज्यादातर सीटों के अंतिम नतीजे दोपहर या शाम तक आने की उम्मीद है।
इस बार के चुनाव नतीजे कई राज्यों की राजनीतिक दिशा तय करने वाले माने जा रहे हैं, इसलिए पूरे देश की नजरें 4 मई पर टिकी हैं।