भारत

Bathinda Military Station Firing: बठिंडा सैन्य ठिकाने पर गोलीबारी में 4 लोगों की मौत, पुलिस ने कहा ‘आपसी गोलीबारी’ की घटना

Published by
भाषा
Last Updated- April 12, 2023 | 1:06 PM IST

पंजाब के बठिंडा में सैन्य ठिकाने पर बुधवार को सुबह हुई गोलीबारी में चार लोगों की जान चली गई। राज्य पुलिस ने इसे ‘‘आपस में हुई गोलीबारी’’ की घटना बताया है।

पंजाब के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एस.पी.एस परमार ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘ यह कोई आतंकवादी हमला नहीं है, किसी बाहर वाले ने हमला नहीं किया। यह आपस में हुई गोलीबारी की घटना है।’’

इससे पहले सेना ने बताया था कि गोलीबारी की घटना तड़के चार बजकर 35 मिनट के आसपास हुई, जिसके बाद त्वरित प्रतिक्रिया दल तत्काल सक्रिय हो गए।

सेना ने एक बयान में कहा, ‘‘बठिंडा मिलिट्री स्टेशन के अंदर तड़के चार बजकर 35 मिनट के आसपास गोलीबारी की सूचना मिली। त्वरित प्रतिक्रिया दल तुरंत सक्रिय हो गए और इलाके को घेर लिया।’’

सेना के मुताबिक, मौके पर तलाश अभियान अभी जारी है। सेना ने कहा, ‘‘गोलीबारी में चार लोगों के मारे जाने की सूचना मिली है। विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।’’

First Published : April 12, 2023 | 11:37 AM IST