भारत

CAA भाजपा का ध्यान भटकाने का खेल: अखिलेश यादव

यादव ने कहा, ‘‘ जनता अब भटकावे की राजनीति का भाजपाई खेल समझ चुकी है।’’

Published by
भाषा   
Last Updated- March 11, 2024 | 8:59 PM IST

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (सीएए) के नियमों को अधिसूचित करने को लेकर सोमवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और इसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का ‘‘ध्यान भटकाने का खेल’’ करार दिया।

नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (सीएए), 2019 को लागू करने से जुड़े नियमों को सोमवार को अधिसूचित कर दिया गया जिससे पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से दस्तावेज के बिना आने वाले गैर-मुस्लिम प्रवासियों को नागरिकता देने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्‍स’ पर सवाल उठाते हुए पोस्‍ट में कहा, ‘‘ जब देश के नागरिक रोजी-रोटी के लिए बाहर जाने को मजबूर हैं तो दूसरों के लिए ‘नागरिकता कानून’ लाने से क्या होगा? ’’ यादव ने कहा, ‘‘ जनता अब भटकावे की राजनीति का भाजपाई खेल समझ चुकी है।’’

सपा प्रमुख ने सरकार से यह सवाल भी किया, ‘‘ भाजपा सरकार ये बताए कि उनके 10 साल के कार्यकाल में लाखों नागरिकों ने देश की नागरिकता क्यों छोड़ दी। चाहे कुछ हो जाए कल ‘चुनावी बॉण्ड’ का हिसाब तो देना ही पड़ेगा और फिर ‘राहत कोष’ का भी।’’

First Published : March 11, 2024 | 8:59 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)