भारत

CBI ने 2.5 लाख रुपये की रिश्वत लेते डाक विभाग के अधिकारी को किया गिरफ्तार

पश्चिम गोदावरी जिले में भीमावरम मंडल के वरिष्ठ अधीक्षक पी. बालासुब्रमण्यम ने आपराधिक मामले का सामना कर रहे कर्मचारी को 30 नवंबर को निलंबित किया था।

Published by
भाषा   
Last Updated- December 21, 2023 | 3:27 PM IST

केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने एक कर्मचारी का निलंबन रद्द करने के लिए उससे ढाई लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में आंध्र प्रदेश में डाकघर के एक वरिष्ठ अधीक्षक को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पश्चिम गोदावरी जिले में भीमावरम मंडल के वरिष्ठ अधीक्षक पी. बालासुब्रमण्यम ने आपराधिक मामले का सामना कर रहे कर्मचारी को 30 नवंबर को निलंबित किया था।

सीबीआई के प्रवक्ता ने यहां कहा, “ आरोप लगाया गया कि आरोपी (बालासुब्रमण्यम) ने शिकायतकर्ता का निलंबन रद्द करने के एवज़ में शुरू में 10 लाख रुपये मांगे थे। बातचीत के बाद आरोपी ने रिश्वत की राशि कथित रूप से कम कर ढाई लाख रुपये कर दी।”

आरोप के सत्यापन के बाद, सीबीआई की टीम ने जाल बिछाया और बालासुब्रमण्यम को ढाई लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ लिया। प्रवक्ता ने बताया, “आरोपी के आवासीय और कार्यालय परिसरों की तलाशी ली गई जिस दौरान अपराध का संकेत देने वाले दस्तावेज़ मिले हैं।”

First Published : December 21, 2023 | 3:27 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)