भारत

आप विधायक अमानतुल्ला खान से जुड़े वक्फ बोर्ड मामले में आरोपपत्र दाखिल

दिल्ली विधानसभा में ओखला निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले 49 वर्षीय विधायक खान को आरोपी के रूप में नामित नहीं किया गया है।

Published by
भाषा   
Last Updated- January 09, 2024 | 11:07 PM IST

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आप विधायक अमानतुल्ला खान के कार्यकाल के दौरान दिल्ली वक्फ बोर्ड में कर्मचारियों की भर्ती और संपत्तियों को पट्टे पर देने में कथित अनियमितताओं से जुड़ी धनशोधन जांच में मंगलवार को आरोपपत्र दायर किया।

आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियोजन शिकायत (आरोपपत्र) में कुल पांच नाम हैं जिनमें खान के तीन कथित सहयोगियों- जीशान हैदर, दाउद नासिर और जावेद इमाम सिद्दीकी के नाम भी शामिल हैं जिन्हें केंद्रीय एजेंसी ने नवंबर 2023 में गिरफ्तार किया था।

दिल्ली विधानसभा में ओखला निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले 49 वर्षीय विधायक खान को आरोपी के रूप में नामित नहीं किया गया है। एजेंसी ने पिछले साल अक्टूबर में खान और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ छापेमारी के बाद दावा किया था कि आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक ने दिल्ली वक्फ बोर्ड में कर्मचारियों की अवैध भर्ती से नकदी के रूप में ‘अपराध की बड़ी रकम’ अर्जित की और अपने सहयोगियों के नाम पर अचल संपत्तियां खरीदने के लिए इसका निवेश किया।

First Published : January 9, 2024 | 11:07 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)