IMD
Cyclone Mocha: चक्रवाती तूफान ‘मोका’ तेजी से देश के उत्तर-उत्तर पूर्व हिस्से की तरफ बढ़ रहा है। इसके मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक बहुत भीषण चक्रवात में बदलने की संभावना है। तूफान के बांग्लादेश के काक्स बाजार और म्यांमार के क्यौकप्यू को पार करने की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 150 से 175 किमी प्रति घंटे रहेगी।
एक तरफ देश की राज्यों में गर्मी का सितम बढ़ता जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ चक्रवाती तूफान मोका (Cyclone Mocha) तेज होता जा रहा है।
बहुत भीषण चक्रवात में बदलेगा मोका
आज यानी 12 मई को मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना तूफान दोपहर तक एक बहुत भीषण चक्रवात में बदल जाएगा। इसके बाद ये उत्तर-पूर्व दिशा में मुड़ते हुए आगे बढ़ सकता है।
मछुआरों को पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी तथा उत्तरी अंडमान सागर में नहीं जाने की सलाह
मौसम विभाग कार्यालय ने मछुआरों, जहाजों, नावों और ट्रॉलरों को रविवार तक मध्य और पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी तथा उत्तरी अंडमान सागर में नहीं जाने की सलाह दी है। बंगाल की मध्य खाड़ी और उत्तरी अंडमान सागर में नौकायन करने वालों को तट पर लौटने की सलाह दी गई है। आईएमडी ने कॉक्स बाजार के पास बांग्लादेश के निचले तटीय क्षेत्र के लिए 1.5-2 मीटर ऊंची लहरें उठने का अनुमान जताया है।
इन राज्यों में भारी बारिश की आशंका
चक्रवाती तूफान के कारण त्रिपुरा और मिजोरम में शनिवार से भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा नगालैंड, मणिपुर और दक्षिण असम में रविवार को कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है। चक्रवात का असर पूर्वोत्तर भारत के राज्य पर भी पड़ेगा। यह भी बताया गया है कि पूर्वोत्तर भारत के पांच राज्यों में भारी बारिश होगी।