भारत

रक्षा मंत्री 9 से इटली, फ्रांस की यात्रा पर

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि दो देशों की यात्रा के पहले चरण में सिंह रोम जाएंगे, जहां वह इटली के रक्षा मंत्री गुइदो क्रिसेतो से व्यापक चर्चा करेंगे।

Published by
भाषा   
Last Updated- October 08, 2023 | 10:58 PM IST

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्विपक्षीय सामरिक भागीदारी बढ़ाने तथा सैन्य उपकरणों के संयुक्त विकास के मद्देनजर औद्योगिक सहयोग तलाशने के लिए सोमवार से इटली और फ्रांस की चार दिवसीय यात्रा शुरू करेंगे।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि दो देशों की यात्रा के पहले चरण में सिंह रोम जाएंगे, जहां वह इटली के रक्षा मंत्री गुइदो क्रिसेतो से व्यापक चर्चा करेंगे। मार्च में इतालवी प्रधानमंत्री की भारत यात्रा के दौरान भारत और इटली के बीच सामरिक साझेदारी मजबूत हुई थी।

मंत्रालय ने कहा, ‘रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 9 से 12 अक्टूबर तक इटली और फ्रांस की यात्रा करेंगे।’ पेरिस में सिंह फ्रांस के रक्षा मंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नु के साथ पांचवें वार्षिक भारत-फ्रांस रक्षा संवाद में भाग लेंगे।

रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘भारत और फ्रांस ने हाल में रणनीतिक साझेदारी के 25 साल पूरे किए। दोनों देशों के अहम औद्योगिक सहयोग समेत गहरे और व्यापक द्विपक्षीय रक्षा संबंध हैं।’

इसमें कहा गया है, ‘रोम और पेरिस में रक्षा मंत्री औद्योगिक सहयोग के संभावित अवसर पर चर्चा करने के लिए रक्षा उद्योग के सीईओ और वरिष्ठ प्रतिनिधियों से भी बातचीत करेंगे।’ अधिकारियों ने बताया कि रोम और पेरिस में सिंह की बातचीत में सैन्य मंचों के संयुक्त विकास की संभावनाओं पर भी चर्चा की जाएगी।

इस बीच, राफेल विमान के 26 नौसैन्य संस्करण की भारत की प्रस्तावित खरीद के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करने के लिए दसॉल्ट एविएशन के अध्यक्ष और मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) एरिक ट्रैपियर के इस सप्ताह नई दिल्ली आने की संभावना है।

First Published : October 8, 2023 | 10:58 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)