दिल्ली भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को कानूनी नोटिस भेजकर उनके उन आरोपों के बारे में विवरण और सबूत मांगे, जिनमें उन्होंने कहा था कि भाजपा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणामों से पहले उनकी पार्टी के उम्मीदवारों की खरीद-फरोख्त का प्रयास किया। शनिवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए जाने से एक दिन पहले यह नोटिस दिया गया है।
राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को उस समय राजनीतिक गहमागहमी बढ़ गई, जब एसीबी की एक टीम अरविंद केजरीवाल के 5, फिरोजशाह रोड स्थित आवास पर पहुंची। इससे एक दिन पहले ही केजरीवाल ने भाजपा पर 8 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों से पूर्व पार्टी के 16 उम्मीदवारों को खरीदने का प्रयास करने का आरोप लगाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि आप उम्मीदवारों को पाला बदलने पर भाजपा की ओर से मंत्री पद और 15-15 करोड़ रुपये मिलने का प्रस्ताव मिला है। एसीबी के नोटिस में खास तौर पर केजरीवाल द्वारा ‘एक्स’ पर किए गए एक पोस्ट का जिक्र है, जिसमें उन्होंने भाजपा पर 16 आप उम्मीदवारों को पाला बदलने के लिए रिश्वत की पेशकश का आरोप लगाया है।
नोटिस में केजरीवाल से यह पुष्टि करने के लिए कहा गया है कि क्या उन्होंने ‘एक्स’ पर यह पोस्ट किया था। इसके साथ ही कथित खरीद-फरोख्त के प्रयासों के बारे में उनसे विस्तृत जानकारी प्रदान करने को कहा गया है। इसमें उन 16 उम्मीदवारों के नाम भी मांगे गए हैं, जिन्हें फोन कॉल आए, उनसे संपर्क करने वालों के फोन नंबर और इन दावों को पुष्ट करने के लिए कोई भी सहायक सबूत मांगा गया है।