भारत

सर्दियों में प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली सरकार गंभीर, शुरू किया पौधारोपण अभियान

नई दिल्ली नगर पालिका के 50 लाख पौधे लगाने के अभियान पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इससे शहर में हरियाली बढ़ाने में मदद मिलेगी।

Published by
भाषा   
Last Updated- October 16, 2023 | 3:43 PM IST

सर्दियों के दौरान प्रदूषण में कटौती करने के प्रयासों के तहत दिल्ली सरकार में पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने सोमवार को राज्य में पौधारोपण अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत करते हुए कहा कि हरित क्षेत्र में वृद्धि से पिछले आठ वर्षों में राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता बेहतर हुई है।

उत्तर पूर्वी दिल्ली के गढ़ी मांडू में पौधारोपण अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत हुई। राय ने संवाददाताओं को बताया, ”हमने इस वित्त वर्ष में झाड़ियों सहित 52 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा था, जिसमें से हम गर्मियों के मौसम के दौरान प्रदूषण में कटौती के लिए हमारी कार्य योजना के हिस्से के रूप में पहले ही 40 लाख पौधे लगा चुके हैं। अब हमने पौधारोपण अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत की है, जिसके दौरान सर्दी के मौसम में बाकी बचे 12 लाख पौधे लगाए जाएंगे।”

नई दिल्ली नगर पालिका के 50 लाख पौधे लगाने के अभियान पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इससे शहर में हरियाली बढ़ाने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें : यूपी में पराली जलाना पड़ेगा महंगा; सैटेलाइट से रखी जा रही नजर, जुर्माने के साथ होगी FIR

मंत्री ने रेखांकित किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यकाल के दौरान दिल्ली में हरित क्षेत्र का दायरा 20 से बढ़कर 23 फीसदी हो गया है, जिससे वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में इस साल अभी तक वायु गुणवत्ता 200 दिन ‘अच्छी से सामान्य’ रही है और ऐसा 2015 से पहली बार हुआ है सिवाए 2020 के क्योंकि उस दौरान कोविड-19 के कारण सख्त लॉकडाउन लगाया गया था।

First Published : October 16, 2023 | 3:43 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)