भारत

भीषण गर्मी के बाद आंधी-बारिश से बदलेगा मौसम का मिजाज, दिल्ली-UP सहित कई राज्यों में गिरेगा पारा

उत्तर भारत में भीषण गर्मी के बाद बारिश और आंधी से मौसम सुहाना हो गया है। दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में आज भी झमाझम बारिश का अलर्ट है

Published by
व्रिंदा गोयल   
Last Updated- May 31, 2026 | 8:33 AM IST

Weather Forecast: पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और लू से परेशान दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के लोगों को आखिरकार राहत मिली है। तेज आंधी और जोरदार बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है, जिससे तापमान में अच्छी-खासी गिरावट दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को भी देश के कई इलाकों में तेज हवाओं, बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में तेज आंधी के साथ भारी बारिश और ओले गिरने की संभावना है। वहीं, राजस्थान के कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी चलने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा में भी मौसम ऐसा ही बना रहेगा।

पूर्वोत्तर के राज्यों (असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश) में अगले पूरे हफ्ते हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत के राज्यों जैसे आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप, यानम, रायलसीमा, पुडुचेरी और कराइकल में भी बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है।

Also Read: बढ़ी चिंता: गर्मी और बढ़ेगी, मानसून भी होगा लेट, इस साल सिर्फ 90% बारिश का अनुमान; खेती पर संकट

दिल्ली में ‘येलो अलर्ट’, शाम को आंधी-पानी के आसार

देश के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका था, लेकिन इस बारिश ने तपते भारत को बड़ी राहत दी है। मौसम विभाग का कहना है कि मध्य भारत और गुजरात के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। हालांकि, उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत समेत देश के बाकी हिस्सों में 5 जून तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा जाएगा और यह स्थिर रहेगा।

बात अगर देश की राजधानी दिल्ली की करें, तो लंबे समय से जारी उमस और भीषण गर्मी से परेशान दिल्लीवालों के लिए रविवार का दिन सुकून भरा रहेगा। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। दिन की शुरुआत हल्के बादलों के साथ होगी, जो बाद में घने बादलों में बदल जाएंगे। शाम या रात के वक्त दिल्ली-NCR में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी स्पीड बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है।

दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जो साल के इस समय के हिसाब से सामान्य से काफी कम है। आने वाले पूरे हफ्ते दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।

First Published : May 31, 2026 | 8:27 AM IST