भारत

दिल्ली में आतंकी हमले का थ्रेट! BJP मुख्यालय और VVIP इलाकों में सुरक्षा हुई सख्त, पुलिस हाई अलर्ट पर

दीन दयाल उपाध्याय (DDU) मार्ग स्थित भारतीय जनता पार्टी (BJP) के मुख्यालय और इसके आसपास के सरकारी भवनों पर पहरा काफी बढ़ा दिया गया है

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- May 09, 2026 | 8:27 PM IST

दिल्ली में आतंकी खतरे के इनपुट मिलने के बाद राजधानी को हाई अलर्ट पर रखा गया है। खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी के बाद दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा बल शनिवार से ही पूरी तरह मुस्तैद हैं। सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय दिल्ली के कई महत्वपूर्ण दफ्तरों और भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाए जाने की आशंका है, जिसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

दीन दयाल उपाध्याय (DDU) मार्ग स्थित भारतीय जनता पार्टी (BJP) के मुख्यालय और इसके आसपास के सरकारी भवनों पर पहरा काफी बढ़ा दिया गया है। इन इलाकों में सशस्त्र जवानों की अतिरिक्त तैनाती की गई है और बैरिकेड्स लगाकर हर आने-जाने वाली गाड़ी की सघन तलाशी ली जा रही है।

इन जगहों पर बढ़ी चौकसी

सुरक्षा एजेंसियों को मिले अलर्ट में बताया गया है कि आतंकी सुसाइड अटैक, गाड़ी में आईईडी (IED) का इस्तेमाल या अंधाधुंध गोलीबारी जैसी वारदातों को अंजाम देने की कोशिश कर सकते हैं। इसके मद्देनजर महत्वपूर्ण सरकारी इमारतों, राजनीतिक कार्यालयों, बड़े बाजारों और बस-मेट्रो स्टेशनों जैसे ट्रांसपोर्ट हब पर ‘एंटी-सबोटेज’ चेकिंग (विस्फोटक व अन्य खतरों की जांच) की जा रही है।

Also Read: ‘दुश्मन का दुश्मन दोस्त नहीं, सबसे बड़ी दुश्मन BJP है’, हार के बाद ममता की हुंकार: सभी को एकजुट होना होगा

शहर के संवेदनशील इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों, लावारिस वस्तुओं और सड़क किनारे खड़ी पुरानी गाड़ियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। बम निरोधक दस्ते, स्निफर डॉग यूनिट और क्विक रिएक्शन टीमों को हर स्थिति के लिए तैयार रहने को कहा गया है। साथ ही दिल्ली फायर सर्विस को भी अलर्ट पर रखा गया है।

जिला इकाइयों और सुरक्षा बलों में तालमेल

स्थानीय पुलिस कानून-व्यवस्था के लिहाज से संवेदनशील बस्तियों में वेरिफिकेशन ड्राइव और रैंडम चेकिंग चला रही है। जिले की सभी यूनिट्स को निर्देश दिया गया है कि वे खुफिया एजेंसियों और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के साथ लगातार संपर्क में रहें। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी खुद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं और पल-पल की स्थिति पर नजर रख रहे हैं।

(PTI के इनपुट के साथ)

First Published : May 9, 2026 | 8:27 PM IST