भारत

Delhi water crisis: भूख हड़ताल पर बैठीं मंत्री आतिशी की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

‘आप’ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि मंत्री को लोक नायक (एलएनजेपी) अस्पताल के आपातकालीन आईसीयू (सघन चिकित्सा इकाई) में भर्ती कराया गया है।

Published by
भाषा   
Last Updated- June 25, 2024 | 8:59 AM IST

राष्ट्रीय राजधानी के लिए जल छोड़े जाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठीं दिल्ली की जल मंत्री आतिशी को उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद मंगलवार सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने यह जानकारी दी। ‘आप’ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि मंत्री को लोक नायक (एलएनजेपी) अस्पताल के आपातकालीन आईसीयू (सघन चिकित्सा इकाई) में भर्ती कराया गया है।

पार्टी ने कहा, ‘‘जल संसाधन मंत्री आतिशी की तबीयत बिगड़ी। उनका शर्करा स्तर गिरकर आधी रात को 43 और देर रात तीन बजे 36 रह गया जिसके बाद एलएनजेपी अस्पताल के चिकित्सकों ने उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती करने की सलाह दी।’’

उसने कहा, ‘‘पिछले पांच दिन से उन्होंने कुछ नहीं खाया है और वह दिल्ली के हिस्से का पानी छोड़े जाने की हरियाणा सरकार से मांग को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन पर हैं। उन्हें एलएनजेपी के आपातकालीन आईसीयू में भर्ती कराया गया है। हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।’’ आतिशी ने 21 जून ने अनशन शुरू किया गया था।

First Published : June 25, 2024 | 8:58 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)