भारत

Delhi weather today: भारी बारिश के बाद दिल्ली में आज कैसा रहेग मौसम का मिजाज, मौसम विभाग ने बताया

बारिश की आशंका के मद्देनजर दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने बुधवार देर रात घोषणा की कि गुरुवार को शहर के सभी स्कूल बंद रहेंगे।

Published by
भाषा   
Last Updated- August 01, 2024 | 11:28 AM IST

Delhi weather today: मौसम विभाग ने दिल्ली में गुरुवार को और बारिश की संभावना जताई है। एक दिन पहले भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलजमाव हो गया था जिससे यातायात बाधित हुआ था।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार क्षेत्र के सलवान स्टेशन पर बुधवार को सुबह साढ़े आठ बजे से गुरुवार को सात बज कर 15 मिनट तक 147.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

नजफगढ़ स्टेशन ने 113 मिलीमीटर बारिश दर्ज की और लोधी रोड, दिल्ली विश्वविद्यालय तथा सफदरजंग वेधशालाओं ने क्रमशः 107.5 मिमी, 104.5 मिमी और 105.6 मिमी बारिश दर्ज की।

दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यात्रियों से मुंडका जाने से बचने को कहा है। इस इलाके में भारी जलभराव है। इसमें कहा गया है, ‘‘मुंडका में सड़क पर भारी जलभराव और गड्ढों के कारण नांगलोई से टिकरी बॉर्डर की ओर और इसके विपरीत रोहतक रोड पर यातायात प्रभावित है। कृपया मुंडका जाने से बचें और तदनुसार वैकल्पिक मार्ग अपनाएं।’’

बुधवार को गाजीपुर में 22 वर्षीय महिला और उसका तीन वर्षीय बेटा जलभराव के कारण फिसलकर नाले में डूब गए। यह घटना खोड़ा कॉलोनी इलाके के पास सड़क के किनारे निर्माणाधीन नाले में हुई।

बारिश की आशंका के मद्देनजर दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने बुधवार देर रात घोषणा की कि गुरुवार को शहर के सभी स्कूल बंद रहेंगे।

First Published : August 1, 2024 | 11:28 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)