भारत

Delhi Weather Today: आज भी हो सकती है बारिश; जानें किन राज्यों के लिए IMD ने जारी किया अलर्ट

Weather Update: अनुमान है कि 15 जुलाई तक देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो सकती है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के चलते लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ गया है।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- July 11, 2024 | 9:23 AM IST

Delhi Weather Today: देशभर में मानसून का प्रभाव देखने को मिल रहा है। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन कुछ राज्यों में अत्यधिक बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात भी पैदा हुए हैं।

मौसम विभाग ने अगले चार-पांच दिनों के लिए देशभर में बारिश का अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि 15 जुलाई तक देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो सकती है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के चलते लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ गया है।

दिल्ली में आज हो सकती है बारिश

दिल्ली में पिछले दो दिनों से कुछ इलाकों में बारिश हो रही है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। हालांकि, कुछ देर की बारिश से उमस भी बढ़ गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 11 जुलाई को आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, आज दिल्ली के कुछ इलाकों में रिमझिम बारिश हो सकती है।

आज राजधानी का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक दिल्ली में भी बारिश का अनुमान जताया है।

बिहार के इन जिलों के लिए जारी हुआ रेड अलर्ट

राजधानी पटना समेत पूरे राज्य में मानसून सक्रिय है, जिसके कारण विभिन्न हिस्सों में बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, गुरुवार को पटना सहित अधिकांश क्षेत्रों में गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है।

राज्य के पांच जिलों – पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, किशनगंज और शिवहर – में अत्यधिक भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, सारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, दरभंगा और पूर्णिया जिलों में भारी वर्षा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के शेष जिलों में अलग-अलग स्थानों पर छिटपुट बारिश की संभावना है।

First Published : July 11, 2024 | 9:23 AM IST