Delhi Weather Today (ANI)
Delhi Weather Today: दिल्ली-NCR में शुक्रवार देर शाम को धूल भरी आंधी और हल्की बारिश के आने से मौसम का मिजाज काफी बदल गया। भारत मौसम विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि आज यानी शनिवार को भी दिल्ली-NCR में आंधी और बारिश आ सकती है।
IMD ने कहा है कि देश की राजधानी का आज अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 39 से 29 डिग्री के बीच रह सकता है। इसके अलावा, रविवार (12 मई) और सोमवार (13 मई) को हल्कि बारिश होने की भी संभावना है। मौसम के बदले इस रूप के कारण दिल्ली वालों को मई के महीने में गर्मी से थोड़ी राहत भी मिल सकती है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को ही पूर्वानुमान किया था कि दिल्ली-NCR में इस वीकेंड पर बादल छाएं रहेंगे और साथ ही आंधी आने का भी अनुमान लगाया था। इसके अलावा, मौसम विभाग ने कहा है कि धूल भरी आंधी को ध्यान में रखते हुए लोग घर से बेवजह बाहर न निकले।
दिल्ली में गई 2 लोगों की जान
राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार रात आए तेज तूफान के कारण कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और 23 लोग घायल हो गए।
बिजली भी रही बाधित
तेज हवाओं के कारण दिल्ली में पेड़, बिजली के खंभे उखड़ गए और कई जगहों पर दीवारों के कुछ हिस्से गिर गए। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार देर रात धूल भरी आंधी के कारण कई इलाकों में बिजली की आपूर्ति भी बाधित हुई।
अधिकारियों के अनुसार उन्हें पेड़ों, बिजली के खंभों और ‘होर्डिंग’ उखड़ने की घटनाओं के संबंध में 152 फोन आए, जिनमें से 130 फोन दिल्ली दमकल सेवा को किए गए।
उन्होंने बताया कि शहर में इमारतों और भवनों के कुछ हिस्सों के ढहने के बारे में भी 55 फोन आए। अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में तूफान के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने के संबंध में 202 सूचनाएं मिली।
एक अधिकारी ने बताया कि खराब मौसम के कारण शुक्रवार देर शाम दिल्ली हवाईअड्डे पर नौ उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया।
-भाषा इनपुट के साथ