भारत

Delhi Weather Update: प्रदूषण के बीच दिल्ली-NCR में आज गरज सकते हैं बादल, चेक करें वेदर अपडेट

CPCB के आंकड़ों के अनुसार, कुछ जगहों पर प्रदूषण का स्तर बढ़ गया। आनंद विहार में एक्यूआई 352 और बवाना में 324 तक पहुंच गया, जो "बहुत खराब" श्रेणी में आता है।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- December 08, 2024 | 10:39 AM IST

दिल्ली में प्रदूषण का खतरा एक बार फिर बढ़ता दिख रहा है। आज यानी रविवार सुबह देश की राजधानी की वायु गुणवत्ता “खराब” श्रेणी में दर्ज की गई, जिस वजह से पूरे शहर में स्मॉग देखने को मिला। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 8 बजे राष्ट्रीय राजधानी का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 272 रहा।

इन जगह पर बढ़ा प्रदूषण का स्तर

CPCB के आंकड़ों के अनुसार, कुछ जगहों पर प्रदूषण का स्तर बढ़ गया। आनंद विहार में एक्यूआई 352 और बवाना में 324 तक पहुंच गया, जो “बहुत खराब” श्रेणी में आता है। शनिवार शाम को दिल्ली का औसत एक्यूआई 233 रहा।

सुबह हल्की धुंध छाई रही। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली और आसपास के इलाकों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कैसा रहेगा आज दिल्ली-एनसीआर का मौसम?

मौसम विभाग ने दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। साथ ही, अगले कुछ दिनों में औसत तापमान में गिरावट की संभावना है। IMD ने दिन के दौरान हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। वहीं, हाल के दिनों में वायु गुणवत्ता में गिरावट दर्ज की गई है, जो सुप्रीम कोर्ट द्वारा इस हफ्ते सख्त प्रदूषण नियंत्रण उपायों में ढील देने के फैसले के बाद देखने को मिली है।

सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बाद, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के चरण 3 और 4 को हटा दिया है। यह फैसला 30 नवंबर से लगातार एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के 300 से नीचे बने रहने के आधार पर लिया गया है।

अब संशोधित प्रतिबंधों के तहत केवल GRAP के चरण 1 और 2 के उपाय लागू रहेंगे। इनमें रेस्टोरेंट्स में कोयला और लकड़ी के उपयोग पर रोक, डीजल जनरेटर सेट (केवल आपातकालीन परिस्थितियों को छोड़कर) पर पाबंदी और सभी निर्माण और विध्वंस गतिविधियों को रोकना शामिल है।

First Published : December 8, 2024 | 10:39 AM IST