भारत

Delhi: उफान पर बह रही यमुना में घटने लगा जल स्तर, मगर अब भी खतरे के निशान से ऊपर

यमुना अब भी खतरे के निशान से दो मीटर अधिक पर बह रही है। अगर दिल्ली तथा ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में और बारिश होने का पूर्वानुमान सच साबित होता है तो हालात बिगड़ सकते हैं।

Published by
भाषा   
Last Updated- July 15, 2023 | 9:22 AM IST

दिल्ली में उफान पर बह रही यमुना नदी में शनिवार सुबह जल स्तर घटना शुरू हुआ लेकिन यह प्रति घंटे कुछ सेंटीमीटर की गति से ही कम हो रहा है। बहरहाल, यमुना अब भी खतरे के निशान 205.33 से दो मीटर अधिक पर बह रही है। अगर राष्ट्रीय राजधानी तथा ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में और बारिश होने का पूर्वानुमान सच साबित होता है तो हालात बिगड़ सकते हैं।

यमुना का जलस्तर शनिवार सुबह सात बजे घटकर 207.62 मीटर पर आ गया

केंद्रीय जल आयोग के बाढ़ निगरानी पोर्टल के अनुसार, यमुना का जल स्तर शनिवार सुबह सात बजे घटकर 207.62 मीटर पर आ गया। गुरुवार रात आठ बजे यह 208.66 मीटर पर था। पिछले दो दिन में हरियाणा के यमुनानगर में हथिनीकुंड बैराज से जल प्रवाह में कमी आने के कारण यमुना में जल स्तर में और गिरावट आने की संभावना है।

Also read: Delhi floods: यमुना का जलस्तर 10 साल के उच्च स्तर पर, सर्वोच्च स्तर के भी करीब

दिल्ली में दो दिन तक मध्यम बारिश होने की संभावना

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले दो दिन तक शहर में मध्यम बारिश होने तथा अगले पांच दिन उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में ‘भारी से बहुत भारी बारिश’ होने का अनुमान जताया है जिससे नदी में जल स्तर बढ़ने का खतरा बढ़ गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर दिल्ली में और बारिश होती है तो जलभराव हो सकता है तथा पानी की निकासी में सामान्य से अधिक वक्त लग सकता है।

Also read: Delhi Floods: यमुना नदी के जल स्तर में आई मामूली कमी

सुप्रीम कोर्ट, राजघाट तथा आईटीओ में घूसा पानी

शुक्रवार को यमुना के उफान पर बहने तथा नालों के पानी के विपरीत दिशा से अवांछित प्रवाह के कारण सुप्रीम कोर्ट, राजघाट तथा आईटीओ चौक जैसे प्रमुख स्थान जलमग्न हो गए थे। दिल्ली एक सप्ताह से जलभराव और बाढ़ का सामना कर रही है जिससे जनजीवन पर काफी असर पड़ा है।

First Published : July 15, 2023 | 9:22 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)