भारत

बंगाल में ED का फिर एक्शन, TMC नेता शाहजहां शेख के आवास पर फिर से की छापेमारी

ईडी अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हम आज शेख के आवास की तलाशी लेंगे। हम वहां के निवासियों से बात करने की भी कोशिश करेंगे।’’

Published by
भाषा   
Last Updated- January 24, 2024 | 9:26 AM IST

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के एक दल पर हमला किए जाने के 19 दिन बाद जांच एजेंसी अधिकारियों ने कथित तौर पर करोड़ों रुपये के राशन वितरण घोटाला मामले में अपनी जांच के सिलसिले में फरार तृणमूल कांग्रेस नेता शाहजहां शेख के उत्तर 24 परगना जिला स्थित आवास पर बुधवार सुबह फिर से छापेमारी की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के 120 से अधिक कर्मियों के साथ पहुंचे ईडी अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस और गवाहों के रूप में दो स्थानीय लोगों की उपस्थिति में संदेशखली इलाके में शेख के आवास के दरवाजे को तोड़ दिया। ईडी अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हम आज शेख के आवास की तलाशी लेंगे। हम वहां के निवासियों से बात करने की भी कोशिश करेंगे।’’

उन्होंने बताया कि घर में प्रवेश करने के बाद ईडी अधिकारियों ने अंदर से दरवाजा बंद कर दिया और तलाशी शुरू कर दी। पांच जनवरी को भीड़ ने टीएमसी नेता के आवास में प्रवेश करने की कोशिश के दौरान ईडी अधिकारियों के एक दल पर हमला कर दिया था। हमले में तीन अधिकारी घायल हो गये थे। जिला पुलिस और शेख के परिवार के सदस्यों ने ईडी अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज की थी। शेख अब तक फरार है।

First Published : January 24, 2024 | 9:26 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)