Independence Day 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने गुरुवार को 78वें स्वतंत्रता दिवस के जश्न के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
दिल्ली में लाल किले पर ध्वजारोहण समारोह से पहले पीएम मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में 15 अगस्त समारोह की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, “मेरे साथी भारतीयों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। जय हिन्द!”
लाल किले पर शुरू हुए कार्यक्रम
देशभर में गुरुवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह जोरों से चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की ओर जाने से पहले राजघाट पर महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। कुछ ही मिनटों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और ऐतिहासिक स्मारक की प्राचीर से राष्ट्र के नाम अपना लगातार 11वां भाषण देंगे।
जानें लाल किले पर होने वाले कार्यक्रम का पूरी जानकारी-
लाल किले पर पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने द्वारा किया जाएगा।
इसके बाद अरमाने दिल्ली के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GoC) लेफ्टिनेंट जनरल भवनीश कुमार का प्रधानमंत्री मोदी से परिचय कराएंगे। इसके बाद वे मोदी को सल्यूटिंग बेस पर ले जाएंगे, जहां सेना, नौसेना और वायुसेना के साथ-साथ दिल्ली पुलिस की गार्ड संयुक्त रूप से प्रधानमंत्री को सामान्य सलामी प्रस्तुत करेगी।
प्रधानमंत्री गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण करेंगे और फिर लाल किले की प्राचीर पर जाएंगे, जहां रक्षा मंत्री, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी उनका स्वागत करेंगे।