भारत

Haryana Bus Tragedy: हरियाणा में बस में आग लगने से 9 लोगों की मौत, 15 घायल

Haryana: सदर ताउरू के थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया, ‘‘दुर्घटना में छह महिलाएं और तीन पुरुष, कुल नौ लोगों की मौत हो गई।

Published by
भाषा   
Last Updated- May 18, 2024 | 10:49 AM IST

हरियाणा के नूंह जिले में ताउरू के पास शुक्रवार देर रात चलती बस में आग लगने से कम से कम नौ लोगों की जलने से मौत हो गई और 15 लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर देर रात करीब दो बजे हुई।

पुलिस ने बताया कि बस में लगभग 60 लोग सवार थे और सभी पंजाब के होशियारपुर और लुधियाना के रहने वाले थे। ये लोग मथुरा-वृंदावन से लौट रहे थे। उसने बताया कि सभी लोग आपस में सगे-संबंधी हैं।

सदर ताउरू के थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया, ‘‘दुर्घटना में छह महिलाएं और तीन पुरुष, कुल नौ लोगों की मौत हो गई। 15 लोग घायल हो गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों की हालत स्थिर है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ आग लगने के कारण का अभी तक पता नहीं चला है। जांच जारी है।’’ एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि कुछ लोगों ने बस में आग लगी देखी और वाहन का पीछा कर चालक को बस रोकने को कहा। उन लोगों ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को भी घटना की जानकारी दी।

First Published : May 18, 2024 | 10:49 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)