भारत

India-US Trade Deal: अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए 4 दिन की मैराथन बैठक

अमेरिकी दल का नेतृत्व उसके मुख्य वार्ताकार ब्रेंडन लिंच करेंगे और भारत के मुख्य वार्ताकार दर्पण जैन होंगे। जैन वाणिज्य विभाग में अतिरिक्त सचिव हैं

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- May 31, 2026 | 7:34 PM IST

India-US Trade Deal: अमेरिका और भारत के मुख्य व्यापार वार्ताकार अंतरिम व्यापार समझौते के ब्योरे को अंतिम रूप देने के मकसद से सोमवार से नई दिल्ली में चार दिवसीय बैठक करेंगे। अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा फरवरी में तय की गई थी। अमेरिकी दल का नेतृत्व उसके मुख्य वार्ताकार ब्रेंडन लिंच करेंगे और भारत के मुख्य वार्ताकार दर्पण जैन होंगे। जैन वाणिज्य विभाग में अतिरिक्त सचिव हैं।

BTA के कानूनी मसौदे को अंतिम रूप जल्द

वाणिज्य मंत्रालय ने कहा, ”दोनों पक्षों ने अंतरिम समझौते के ब्योरे को अंतिम रूप देने और व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते के तहत बाजार पहुंच, गैर-शुल्क उपायों, सीमा शुल्क तथा व्यापार सुविधा, निवेश प्रोत्साहन और आर्थिक सुरक्षा जैसे कई क्षेत्रों पर बातचीत को आगे बढ़ाने का प्रस्ताव रखा है।”

भारत और अमेरिका ने सात फरवरी को एक संयुक्त बयान जारी कर पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार पर एक अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा पर सहमति व्यक्त की थी। अब दोनों पक्षों को इस समझौते के कानूनी मसौदे को अंतिम रूप देना होगा। इस रूपरेखा ने व्यापक भारत-अमेरिका बीटीए वार्ता के प्रति दोनों देशों की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

Also Read: डॉनल्ड ट्रंप का चीन के मामले में समर्पण: क्या ड्रैगन को घेरने की अमेरिकी नीति पूरी तरह नाकाम? 

भारत पर टैरिफ 50% से घटाकर 18%

रूपरेखा के अनुसार, अमेरिका ने भारत पर शुल्क को 50 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी करने पर सहमति जताई थी। उसने रूसी तेल खरीदने पर भारतीय वस्तुओं पर लगने वाले 25 फीसदी शुल्क को हटा दिया था और समझौते के तहत शेष 25 फीसदी को घटाकर 18 फीसदी करना था। लेकिन, इस साल 20 फरवरी को अमेरिका के उच्चतम न्यायालय ने राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए व्यापक जवाबी शुल्क के खिलाफ फैसला सुनाया। यह शुल्क 1977 के अंतरराष्ट्रीय आपातकाल आर्थिक शक्ति अधिनियम (आईईईपीए) के तहत लगाए गए थे।

4 जून तक भारत दौरे पर रहेगी टीम

अमेरिका के राष्ट्रपति ने 24 फरवरी से 150 दिन के लिए सभी देशों पर 10 फीसदी शुल्क लगाने की घोषणा की। इन बदलावों के मद्देनज़र, भारत और अमेरिका के मुख्य वार्ताकारों के बीच फरवरी में बैठक रखी गई थी, जो स्थगित कर दी गई थी। भारतीय दल ने 20 से 23 अप्रैल, 2026 तक अमेरिका की यात्रा की और दोनों पक्ष वाशिंगटन में मिले थे। चर्चाओं को आगे बढ़ाने के लिए, मुख्य वार्ताकार के नेतृत्व में अमेरिकी टीम एक से चार जून, 2026 तक भारत की यात्रा करेगी।

(PTI इनपुट के साथ)

First Published : May 31, 2026 | 7:03 PM IST