सांकेतिक फोटो
Heatwave Alert: देश में अप्रैल के महीने में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। एक तरफ कई इलाकों में तेज गर्मी और लू जैसी स्थिति बन रही है, वहीं दूसरी तरफ कुछ राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। यानी देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम बिल्कुल अलग-अलग रूप दिखा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, तेलंगाना, रायलसीमा, महाराष्ट्र, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम राजस्थान और झारखंड के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, गुजरात, तमिलनाडु, केरल और तटीय आंध्र प्रदेश में भी गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है।
मौसम विभाग ने बताया है कि आने वाले दिनों में तापमान तेजी से बढ़ेगा। उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वहीं, मध्य और पूर्वी भारत में भी धीरे-धीरे गर्मी बढ़ेगी। इससे साफ है कि अब देश में गर्मी अपने चरम की ओर बढ़ रही है। पूर्वोत्तर राज्यों जैसे नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी तापमान बढ़ने की संभावना है, जिससे पूरे देश में गर्मी का असर बढ़ता दिखाई दे रहा है।
गर्मी के बीच राहत की खबर भी है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर, उत्तर पश्चिम और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश और गरज के साथ तूफान की संभावना है।
उत्तर पश्चिम भारत में जम्मू कश्मीर, लद्दाख, पंजाब और हरियाणा में भी बारिश और आंधी चल सकती है। दक्षिण भारत में कर्नाटक के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है।
यह पढ़ें: Monsoon 2026: मानसून देगा झटका! El Nino के चलते कम बारिश का अलर्ट, किसानों और पानी पर डबल मार
राजधानी दिल्ली में भी तापमान बढ़ने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। अगले 24 घंटों में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन आने वाले सात दिनों में तापमान सामान्य से ज्यादा रह सकता है।
गुरुवार को दिल्ली में आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।