भारत

देश में पावर डिमांड रिकॉर्ड 257 GW के पार; IMD ने पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली में दी लू की चेतावनी

तेज गर्मी और एयर कंडीशनर-कूलर के बढ़ते इस्तेमाल के कारण देश में बिजली की अधिकतम मांग सोमवार को नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- May 19, 2026 | 3:24 PM IST

India Power demand: भारत में सोमवार को बिजली की अधिकतम मांग (पीक पावर डिमांड) 257.37 गीगावाट (GW) के आल टाइम हाई पर पहुंच गई। इसका मुख्य कारण भीषण गर्मी के बीच एयर कंडीशनर (ACs), डेजर्ट कूलर और अन्य कूलिंग उपकरणों का बढ़ता उपयोग रहा। यह जानकारी पावर मिनिस्ट्री के आंकड़ों से मिली है। सोमवार को दर्ज की गई यह मांग 25 अप्रैल 2026 को दोपहर 3:38 बजे दर्ज हुए पिछले रिकॉर्ड 256.11 गीगावाट से अधिक रही। इस बीच, भारत मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के बड़े हिस्सों में इस सप्ताह लू चलने की चेतावनी दी है।

पावर मिनिस्ट्री के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को दोपहर 3:42 बजे बिजली की अधिकतम मांग 257.37 गीगावाट तक पहुंची और पूरी मांग को पूरा किया गया। मिनिस्ट्री का अनुमान है कि इस गर्मी में देश की अधिकतम बिजली मांग 270 गीगावाट तक पहुंच सकती है।

IMD ने दी लू की चेतावनी

भारत मौसम विभाग (IMD) ने इस वर्ष भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान जताया है। IMD ने इस उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के बड़े हिस्सों में इस सप्ताह लू चलने की चेतावनी दी है। सोमवार को कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली के कुछ इलाकों में सोमवार से 24 मई तक लू चलने की संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मंगलवार से लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बन सकती है।

ये भी पढ़ें… Q4 के बाद PSU Power Stock पर तीन बड़े ब्रोकरेज की राय, क्यों नहीं दिख रहा बड़ा अपसाइड?

पंजाब के बठिंडा में सोमवार को अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हरियाणा और राजस्थान के कई हिस्सों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। दिल्ली के कुछ हिस्सों में सोमवार को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में अगले सप्ताह भी भीषण गर्मी जारी रहने की संभावना है और फिलहाल राहत के कोई संकेत नहीं हैं। तेज गर्म हवाओं और झुलसाने वाली गर्मी के कारण सोमवार को दिन के समय लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी हुई।

अप्रैल से तापमान बढ़ने के साथ बढ़ी Power Demand

देश में अप्रैल से ही तापमान बढ़ने के साथ बिजली की मांग में तेजी आई थी, जो मई में और अधिक बढ़ गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ते तापमान के कारण घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं द्वारा एयर कंडीशनर, एयर कूलर और अन्य बिजली उपकरणों के अधिक इस्तेमाल से बिजली की मांग और खपत आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है।

पिछली गर्मियों में जून 2025 में बिजली की अधिकतम मांग 242.77 गीगावाट दर्ज की गई थी, हालांकि यह सरकार के 277 गीगावाट के अनुमान से कम रही थी। मई 2024 में बिजली की अधिकतम मांग 250 गीगावाट पहुंची थी, जो उस समय का रिकॉर्ड था। इससे पहले सितंबर 2023 में 243.27 गीगावाट का सर्वकालिक रिकॉर्ड बना था।

एजेंसी इनपुट के साथ

First Published : May 19, 2026 | 2:33 PM IST