भारत

Karnataka Landslide: कर्नाटक में पुत्तूर बाईपास रोड पर भूस्खलन, राष्ट्रीय राजमार्ग 275 पर यातायात बाधित

Karnataka Landslide: कर्नाटक राज्य प्राकृतिक आपदा निगरानी केंद्र ने तटीय और आंतरिक तटीय क्षेत्रों में और अधिक बारिश की संभावना जताई है

Published by
भाषा   
Last Updated- August 02, 2024 | 11:55 AM IST

कर्नाटक के मंगलुरु में पुत्तूर बाईपास रोड पर भूस्खलन हो गया, जिससे वहां यातायात बाधित हो गया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुत्तूर बाईपास रोड को बंटवाल-मैसूरु रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग 275 के नाम से भी जाना जाता है।

अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के हवाले से बताया कि पुत्तूर बाईपास रोड पर शुक्रवार को तड़के करीब तीन बजे भूस्खलन हुआ, जिसके बाद मैसूरु और मंगलुरु जाने वाले वाहनों को पुत्तूर कस्बे से होकर गुजरना पड़ा रहा है।

पुलिस के अनुसार, भूस्खलन होने के कारण वहां अभी तक किसी व्यक्ति या वाहन के फंसने की कोई सूचना नहीं है। भूस्खलन स्थल के दोनों तरफ अवरोधक लगा दिए गए हैं, जिससे पुत्तूर शहर से गुजरने वाले यातायात के मार्ग में बदलाव हुआ है। पुलिस भी यातायात नियंत्रित करने के प्रयास कर रही है।

राज्य राजमार्ग विभाग ने घटनास्थल पर कई श्रमिकों और उत्खनन मशीनें भेजकर सुबह आठ बजे मलबा हटाने का काम शुरू किया।

कर्नाटक राज्य प्राकृतिक आपदा निगरानी केंद्र ने तटीय और आंतरिक तटीय क्षेत्रों में और अधिक बारिश की संभावना जताई है, जिससे प्रभावित हिस्सों में मलबा हटाने के काम में बाधा उत्पन्न हो सकती है।

First Published : August 2, 2024 | 11:54 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)