भारत

LPG-ATF Price Hike: वेस्ट एशिया तनाव के बीच महंगी हुई कमर्शियल LPG, ATF कीमतों में भी बड़ा उछाल

वेस्ट एशिया तनाव के बीच कमर्शियल LPG और ATF की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई है, जिससे कारोबार और हवाई यात्रा महंगी होने की आशंका है।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- April 01, 2026 | 7:40 AM IST

LPG ATF Price Hike: वेस्ट एशिया में जारी तनाव के असर अब भारत में भी दिखने लगे हैं। सरकारी तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में बड़ा इजाफा किया है।

दिल्ली में अब 19 किलो का कमर्शियल गैस सिलेंडर 195.50 रुपये महंगा होकर 2,078.50 रुपये का हो गया है। वहीं कोलकाता में इसकी कीमत में 218 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले 1 मार्च को भी सिलेंडर के दाम 114.50 रुपये बढ़ाए गए थे।

इस बढ़ोतरी का असर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों पर पड़ेगा, क्योंकि ये लोग कमर्शियल गैस का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं। हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है। 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 913 रुपये पर स्थिर बनी हुई है।

चेक करें प्रमुख शहरों में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम-

शहर कीमत (₹)
दिल्ली 2,078.50
कोलकाता 2,208.00
मुंबई 2,031.00
चेन्नई 2,246.50

इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को अंतरराष्ट्रीय बाजार और डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति को देखते हुए गैस की कीमतों में बदलाव करती हैं।

वहीं पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में पेट्रोल 94.72 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.62 रुपये प्रति लीटर पर ही बिक रहा है। पिछले साल मार्च में 2 रुपये प्रति लीटर की कटौती के बाद से इनके दाम स्थिर हैं।

कमर्शियल गैस के दाम बढ़ने से खाने-पीने के सामान और सेवाओं की कीमतों पर असर पड़ सकता है, जिससे महंगाई बढ़ने की आशंका है।

यह भी पढ़ें: LPG कमी के बीच सरकार का बड़ा फैसला, 60 दिनों के लिए केरोसिन सप्लाई नियमों में ढील

ATF के दाम में भारी बढ़ोतरी

वहीं विमान ईंधन यानी एटीएफ की कीमतों में भी बड़ा उछाल देखने को मिला है। 1 अप्रैल से दिल्ली में एटीएफ की कीमत बढ़कर 2.07 लाख रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है, जो पिछले महीने 96,638 रुपये प्रति किलोलीटर थी।

यह बढ़ोतरी वैश्विक तेल संकट और वेस्ट एशिया में चल रहे तनाव के कारण हुई है। इससे एयरलाइंस की लागत बढ़ेगी और आने वाले समय में हवाई किराए महंगे हो सकते हैं।

First Published : April 1, 2026 | 7:40 AM IST