भारत

अरुणाचल विधानसभा चुनाव के लिए राकांपा ने नौ उम्मीदवारों के नाम की दूसरी सूची जारी की

मंगलवार को नौ उम्मीदवारों के नामों की घोषणा के साथ पार्टी ने अब तक 60 सदस्यीय विधानसभा में 17 उम्मीदवार उतारे हैं।

Published by
भाषा   
Last Updated- March 20, 2024 | 12:01 PM IST

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की अरुणाचल प्रदेश की इकाई ने राज्य की 60 विधानसभा सीटों पर 19 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची की घोषणा की है।

इसमें नौ उम्मीदवारों के नामों का एलान किया गया है। मंगलवार को नौ उम्मीदवारों के नामों की घोषणा के साथ पार्टी ने अब तक 60 सदस्यीय विधानसभा में 17 उम्मीदवार उतारे हैं। इससे पहले 11 मार्च को पार्टी ने आठ उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी।

पार्टी ने दूसरी सूची में याचुली सीट से टोको तातुंग, रमगोंग से ताहान मिबांग, टुटिंग-यिंगकिओंग से कबांग तारोन, पासीघाट पश्चिम से तापी गाओ, लेकांग से लिखा सोनी, बोरदुमसा-दियुन से निख कामिन, खोंसा पश्चिम से यांगसेन माटे, बोरदूरिया-बोगापानी से जोवांग होसाई और पोंगचौ-वक्का से होलाई वांगसा को उम्मीदवार बनाया है।

राकांपा ने इससे पहले आठ उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी, जिनमें नामसाई निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष लिखा साया, पंगिन-बोलेंग निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व मंत्री तपांग तलोह को उम्मीदवार बनाया था।

पूर्वोत्तर राज्यों के पार्टी के समन्वयक एवं पर्यवेक्षक संजय प्रजापति ने कहा कि राकांपा का घोषणापत्र राज्य के लोगों के लिए समृद्धि, सम्मान और स्वदेशी पहचान तथा सर्वोत्तम शिक्षा प्रणाली प्रदान करेगा।

First Published : March 20, 2024 | 12:01 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)